मैहर में जमीन विवाद: महिला को ट्रैक्टर से कुचलकर मारने का आरोप, पति-पत्नी और बेटा गिरफ्तार
मैहर के रामनगर थाना क्षेत्र में जमीन विवाद के दौरान महिला को ट्रैक्टर से कुचलकर मारने के आरोप में पुलिस ने पति-पत्नी और उनके बेटे को गिरफ्तार किया है। एक आरोपी फरार है।
सतना/मैहर। मैहर जिले के रामनगर थाना क्षेत्र के खारा गांव में जमीन विवाद के दौरान महिला को ट्रैक्टर से कुचलकर मारने के मामले में पुलिस ने एक ही परिवार के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में पति-पत्नी और उनका बेटा शामिल हैं। रविवार को तीनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, खारा निवासी सुदर्शन साकेत ने बताया कि शनिवार सुबह करीब 9:30 बजे उन्हें सूचना मिली कि दतौर गांव स्थित खेत में महिपाल साकेत और उसके परिवार के सदस्य मौजूद हैं। इसके बाद वह अपनी पत्नी अठमनिया साकेत के साथ खेत पहुंचे।
आरोप है कि खेत में महिपाल साकेत, उसकी पत्नी सुभद्रा साकेत और बेटे मौजूद थे तथा रोहित साकेत ट्रैक्टर से खेत जोत रहा था। सुदर्शन ने जब खेत जोतने से मना किया तो विवाद बढ़ गया और उन पर कथित रूप से लाठी-डंडों और धारदार हथियार से हमला किया गया।
बीच-बचाव करने आई महिला को ट्रैक्टर से कुचलने का आरोप
पुलिस के मुताबिक, पति को बचाने के लिए अठमनिया साकेत बीच-बचाव करने पहुंचीं। आरोप है कि इसी दौरान रोहित साकेत ने उन्हें ट्रैक्टर से कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर रामनगर पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
हमले में सुदर्शन साकेत के सिर पर भी गंभीर चोट आई। पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 306/26 के तहत संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
तीन आरोपी गिरफ्तार, रणवीर उर्फ छोटू की तलाश जारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए मैहर पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई। पुलिस ने दबिश देकर महिपाल साकेत, उसकी पत्नी सुभद्रा साकेत और बेटे रोहित साकेत को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी रणवीर उर्फ छोटू फिलहाल फरार है और उसकी तलाश की जा रही है।
गिरफ्तार तीनों आरोपियों को रविवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
Anubhav Dubey 
