Maihar के कल्याणपुर स्कूल की Mid Day Meal में मिले कीड़े

मैहर के कल्याणपुर माध्यमिक विद्यालय में मध्यान्ह भोजन को लेकर विवाद सामने आया है. बच्चों ने खिचड़ी में कीड़े मिलने और निर्धारित मेन्यू का पालन नहीं होने का आरोप लगाया. जिला पंचायत सीईओ ने जांच और कार्रवाई की बात कही.

Maihar के कल्याणपुर स्कूल की Mid Day Meal में मिले कीड़े

मैहर. जिले के कल्याणपुर माध्यमिक विद्यालय में मध्यान्ह भोजन योजना को लेकर गंभीर शिकायत सामने आई है. विद्यालय में भोजन तैयार करने वाली मां शारदा सहायता समूह पर निर्धारित मेन्यू का पालन नहीं करने और घटिया गुणवत्ता का भोजन परोसने के आरोप लगे हैं.

जानकारी के अनुसार, बुधवार को मेन्यू के मुताबिक बच्चों को चावल, चने की दाल और मिक्स सब्जी दी जानी थी. लेकिन छात्रों का आरोप है कि उन्हें केवल खिचड़ी परोसी गई. बच्चों ने दावा किया कि खिचड़ी में कीड़े मिले थे. कुछ छात्रों का यह भी कहना है कि इससे पहले भी कई बार उन्हें कीड़ेयुक्त भोजन दिया गया है. वहीं कुछ बच्चों ने आरोप लगाया कि कई अवसरों पर कुत्तों द्वारा जूठा किया गया भोजन भी उन्हें खाने के लिए दिया गया.

मामला सामने आने के बाद जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी शैलेन्द्र सिंह से इस संबंध में जानकारी ली गई. उन्होंने कहा कि शिकायत को गंभीरता से लिया गया है. संबंधित सहायता समूह को नोटिस जारी किया जाएगा और पूरे मामले की जांच कराई जाएगी. जांच में यदि अनियमितता सामने आती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.

फिलहाल प्रशासन की जांच के बाद ही आरोपों की पुष्टि हो सकेगी.