Maihar में 55 डिसमिल जमीन विवाद में अधेड़ की मौत, Viral Video की जांच में जुटी पुलिस
मैहर के रामनगर थाना क्षेत्र के बूढ़ाबाउर गांव में 55 डिसमिल जमीन विवाद के दौरान हुई मारपीट में विश्राम साकेत की मौत हो गई. घटना का कथित वायरल वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी.
मैहर जिले के रामनगर थाना क्षेत्र के बूढ़ाबाउर गांव में 55 डिसमिल जमीन को लेकर चल रहा विवाद हिंसक संघर्ष में बदल गया. इस घटना में एक अधेड़ व्यक्ति की मौत हो गई है. घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चंद्रशेखर शर्मा और विश्राम साकेत के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था. इसी विवाद के दौरान कथित तौर पर चंद्रशेखर शर्मा के बेटों ने विश्राम साकेत पर डंडों से हमला कर दिया. हमले में गंभीर रूप से घायल विश्राम साकेत को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
इस घटना से जुड़ा करीब 2 मिनट 15 सेकंड का एक कथित लाइव वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है. वीडियो में मारपीट के दौरान डंडे से हमला होने के बाद एक व्यक्ति जमीन पर गिरता दिखाई देता है. हालांकि, वीडियो की सत्यता और उसमें दिखाई दे रहे पूरे घटनाक्रम की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है. पुलिस वीडियो की जांच कर रही है.
सोमवार को वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस का कहना है कि पूरे घटनाक्रम और वायरल वीडियो की जांच जारी है.
घटना की सूचना मिलते ही रामनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. गांव में किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है. अमरपाटन एसडीओपी ख्याति मिश्रा भी मौके पर पहुंचकर स्थिति की निगरानी कर रही हैं.
पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के सभी पहलुओं और वायरल वीडियो की प्रामाणिकता को लेकर स्पष्ट जानकारी सामने आएगी.
Anubhav Dubey 
