मैहर में नदी हादसे के बाद NH-30 पर जाम, CSP से धक्का-मुक्की का वीडियो वायरल
मैहर के देहात थाना क्षेत्र में जूरा नदी के तेज बहाव में मामा-भांजे समेत तीन लोग बह गए। NDRF और पुलिस की टीम रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर तलाश में जुटी है।
UPDATE
मैहर जिले के देहात थाना क्षेत्र में जूरा नदी में मामा-भांजे समेत तीन लोगों के बहने के बाद नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने देहात थाने के सामने NH-30 पर जाम लगा दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम खुलवाने और ग्रामीणों को समझाने पहुंचे CSP महेंद्र सिंह के साथ इसी दौरान धक्का-मुक्की हो गई। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें कुछ ग्रामीण CSP को धक्का देते नजर आ रहे हैं। वहीं NDRF और पुलिस की टीम नदी में लापता तीनों लोगों की तलाश में रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही है।

--------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------
मैहर। मैहर जिले के देहात थाना क्षेत्र में जूरा नदी पर बड़ा हादसा सामने आया है। बहन के घर जन्मदिन समारोह में शामिल होने जा रहे बाइक सवार तीन लोग नदी पार करते समय तेज बहाव की चपेट में आकर बह गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और रेस्क्यू टीम ने तीनों की तलाश शुरू कर दी है।
लापता लोगों में 7 वर्षीय विराज कुशवाहा और 5 वर्षीय सार्थक कुशवाहा सगे भाई हैं, जबकि 19 वर्षीय अंकुर कुशवाहा उनका मामा बताया जा रहा है। तीनों अमरपाटन थाना क्षेत्र के निवासी हैं। बताया जा रहा है कि तीनों बाइक से अपनी बहन के घर जन्मदिन समारोह में शामिल होने जा रहे थे।

नदी पार करने के दौरान अचानक तेज बहाव की चपेट में आने से तीनों पानी में बह गए। हादसे में उनकी बाइक भी नदी के तेज बहाव में बह गई। घटना की जानकारी मिलते ही देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया।
इसके बाद NDRF की टीम भी मौके पर पहुंची और नदी में संभावित स्थानों पर तीनों की तलाश शुरू की। मौके पर तहसीलदार आरडी साकेत, थाना प्रभारी पंचराज सिंह सहित पुलिस बल मौजूद है। रेस्क्यू टीम लगातार नदी में तलाशी अभियान चला रही है।

हादसे की खबर मिलने के बाद परिजनों में चिंता और मातम का माहौल है। परिवार और स्थानीय लोग तीनों के सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं। फिलहाल रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है और तीनों की तलाश की जा रही है।
Anubhav Dubey 
