मैहर: एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय से 12 साल का छात्र लापता, अपहरण की आशंका में मामला दर्ज
रात में पेटी लेकर निकला सचिन: मैहर एकलव्य विद्यालय से 12 वर्षीय छात्र लापता, अपहरण की आशंका में पुलिस ने दर्ज किया मामला
मैहर। जिले के एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय से कक्षा 6वीं का छात्र रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया है। विद्यालय प्रबंधन की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हाथ में अपनी पेटी लेकर जाते देखे गया
पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, सिंगरौली जिले के ग्राम सजहवां निवासी सचिन सिंह (12 वर्ष) को उसके परिजन 6 जुलाई 2026 को एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, मैहर में छोड़कर गए थे। 9 जुलाई की रात करीब 10 बजे रोल कॉल के बाद सभी छात्र अपने-अपने कमरों में सोने चले गए। अगले दिन 10 जुलाई की सुबह करीब 7 बजे गिनती के दौरान सचिन सिंह अपने कमरे से गायब मिला। साथ में रहने वाले छात्रों ने बताया कि वह रात 10 बजे तक कमरे में मौजूद था।

विद्यालय प्रबंधन द्वारा सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर छात्र रात करीब 12 बजे हाथ में अपनी पेटी लेकर अकेले शौचालय की ओर जाता दिखाई दिया। इसके बाद उसका कोई सुराग नहीं मिला। विद्यालय परिसर, आसपास के क्षेत्र, रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड सहित संभावित स्थानों पर तलाश की गई। परिजनों से भी संपर्क किया गया, लेकिन छात्र उनके पास भी नहीं पहुंचा। प्राचार्य गंगा सिंह की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस छात्र की तलाश में जुटी हुई है
Varsha Shrivastava 
