मैहर में दहेज प्रताड़ना से नवविवाहिता की मौत, पति-सास-ससुर समेत 4 गिरफ्तार, जेठ फरार
मैहर के ताला थाना क्षेत्र में दहेज प्रताड़ना से जुड़ी नवविवाहिता की मौत के मामले में पति, सास, ससुर और ननद गिरफ्तार। एक आरोपी जेठ फरार, पुलिस तलाश में जुटी।
मैहर. ताला थाना क्षेत्र के ग्राम ललितपुर नंबर-2 में दहेज प्रताड़ना से जुड़े एक मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पति, सास, ससुर और ननद को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। मामले का एक अन्य आरोपी जेठ अभी फरार है, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है।
पुलिस के अनुसार 15 जुलाई 2026 को 29 वर्षीय सोनम तिवारी अपने घर में फंदे पर लटकी मिली थीं। नवविवाहिता की मृत्यु होने के कारण मामले की जांच एसडीओपी अमरपाटन द्वारा की गई। जांच के दौरान मायके पक्ष ने आरोप लगाया कि विवाह के बाद से ही पति और ससुराल पक्ष दहेज के लिए लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे।
आरोप है कि मृतका पर उसके पिता को मिली बीमा और क्लेम की राशि में हिस्सा लाने का दबाव बनाया जाता था। परिजनों का कहना है कि प्रताड़ना से बचाने के लिए मृतका के पिता ने तीन अलग-अलग बार एक-एक लाख रुपये भी दिए, लेकिन इसके बावजूद उत्पीड़न जारी रहा।
जांच के आधार पर ताला थाना पुलिस ने पति, सास, ससुर, जेठ और ननद के खिलाफ दहेज प्रताड़ना सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया। पुलिस ने आरोपी पति अतुलेश तिवारी, ससुर कमलेश्वर तिवारी, सास सुनीता तिवारी और ननद बबली मिश्रा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। वहीं आरोपी जेठ निलेश तिवारी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार तलाश कर रही है।
पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई में एसडीओपी अमरपाटन ख्याति मिश्रा, थाना प्रभारी महेंद्र मिश्रा और पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Anubhav Dubey 
