मैहर में कांग्रेस का प्रदर्शन, बैरिकेड पार कर SDM कार्यालय पहुंचा प्रतिनिधिमंडल, सौंपा ज्ञापन
मैहर में जिला कांग्रेस कमेटी ने SDM कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर बैरिकेड पार किए और कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा। छात्रों पर कथित लाठीचार्ज, महंगाई, बेरोजगारी, पेपर लीक और किसानों के मुद्दे उठाए।
मैहर. जिला कांग्रेस कमेटी ने बुधवार को विभिन्न जनहित, छात्र और युवा मुद्दों को लेकर एसडीएम कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने पुलिस द्वारा लगाए गए बैरिकेड पार करने का प्रयास किया, जिससे कुछ देर तक मौके पर गहमागहमी का माहौल बना रहा। बाद में कांग्रेस नेताओं का प्रतिनिधिमंडल एसडीएम कार्यालय पहुंचा और कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में कांग्रेस ने दिल्ली में छात्रों पर कथित लाठीचार्ज, राहुल गांधी के साथ कथित बल प्रयोग, बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, पेपर लीक की घटनाएं, शिक्षा व्यवस्था की स्थिति और किसानों की समस्याओं का उल्लेख किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि छात्रों और युवाओं की आवाज उठाने वालों पर कार्रवाई लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। ज्ञापन में छात्रों पर कथित लाठीचार्ज की निष्पक्ष जांच, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर, पेपर लीक मामलों में सख्त कार्रवाई, शिक्षा व्यवस्था में सुधार, महंगाई पर नियंत्रण और किसानों की समस्याओं के जल्द समाधान की मांग की गई।
Anubhav Dubey 
