मैहर में कलेक्टर की बड़ी कार्रवाई: बिना सूचना गैरहाजिरी पर पटवारी-सचिव निलंबित, जनविश्वास अभियान शिविर में लापरवाही पड़ी भारी

बेरमा में आयोजित शिविर में हुई कार्रवाई: कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी ने मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के कार्यों में लापरवाही बरतने और बिना पूर्व सूचना अनुपस्थिति पर पटवारी और सचिवों के विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई की, धिकारियों-कर्मचारियों को सख्त हिदायत भी दी

मैहर में कलेक्टर की बड़ी कार्रवाई: बिना सूचना गैरहाजिरी पर पटवारी-सचिव निलंबित, जनविश्वास अभियान शिविर में लापरवाही पड़ी भारी

मैहर। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत ग्राम बेरमा में शनिवार को आयोजित शिविर में शासकीय कार्यों में लापरवाही और बिना पूर्व सूचना अनुपस्थित रहने पर कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी ने सख्त कार्रवाई की। कलेक्टर ने ग्राम भरौली के सचिव झूमक लाल शिवहरे, ग्राम खेरवाकला के सचिव शरद पटेल और भरौली के पटवारी को निलंबित कर दिया। यह कार्रवाई शासकीय दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही बरतने और शिविर में बिना पूर्व सूचना अनुपस्थित रहने के मामले में की गई।

जनसमस्याओं की अनदेखी बर्दाश्त नहीं

शिविर के दौरान कलेक्टर ने अधिकारियों और कर्मचारियों की कार्यप्रणाली की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना और नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध निराकरण करना शासकीय सेवकों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को गंभीरता से काम करना होगा।

कलेक्टर ने कहा कि जनसमस्याओं के प्रति उदासीनता और शासकीय कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान का उद्देश्य आम नागरिकों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाना और उनकी समस्याओं का निराकरण सुनिश्चित करना है। ऐसे में अभियान के तहत आयोजित शिविरों में जिम्मेदार कर्मचारियों की उपस्थिति और सक्रिय सहभागिता आवश्यक है। इस कार्रवाई के जरिए प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि शासकीय दायित्वों में लापरवाही और बिना सूचना अनुपस्थित रहने वाले कर्मचारियों के विरुद्ध सख्त कदम उठाए जाएंगे।