JNU के प्रोफेसर पर छात्राओं से यौन उत्पीड़न के आरोप, जांच के लिए इंटरनल कंप्लेंट्स कमेटी गठित
JNU professor accused: जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यूनिवर्सिटी की करीब 10 छात्राओं के एक समूह ने एक प्रोफेसर के खिलाफ यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं। मामले की जांच के लिए इंटरनल कंप्लेंट्स कमेटी गठित की गई है।
JNU professor accused : दिल्ली के प्रसिद्ध जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय यानी JNU में छात्रों द्वारा यूनिवर्सिटी के ही एक प्रोफेसर पर यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। कम से कम 10 छात्राओं ने यूनिवर्सिटी की इंटरनल कंप्लेंट्स कमेटी (ICC) के पास शिकायत की है। मामला सामने आने के बाद विश्वविद्यालय के कुछ अन्य वरिष्ठ छात्रों ने भी इसकी शिकायत की है।
प्रोफेसर पर अनुचित व्यवहार का आरोप
शिकायत में छात्राओं ने आरोप लगाते हुए कहा कि प्रोफेसर उन्हें अपने घर पर होने वाली बैठकों में बुलाते थे। यहां उनके साथ कथित तौर पर अनुचित व्यवहार किया जाता था। वहीं, कुछ छात्राओं ने क्लास के दौरान आपत्तिजनक टिप्पणियां किए जाने का भी आरोप लगाया है। हालांकि, इन आरोपों की अभी स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। मामला फिलहाल विश्वविद्यालय की आंतरिक शिकायत समिति के पास है और मामले में जांच जारी है।

ICC को महीने भर पहले मिली थी शिकायतें
सूत्रों की मानें तो आंतरिक शिकायत समिति के पास यह मामला एक महीने पहले आया था। फिलहाल समिति इस मामले की जांच कर रही है। जरूरत पड़ने पर यूनिवर्सिटी के अन्य छात्रों से भी इस मामले में जानकारी जुटाई जा सकती है। इस मामले में अभी पुलिस के पास कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। ICC की जांच पूरी होने के बाद ही मामले से जुड़े आरोपों और आगे की कार्रवाई को लेकर जानकारी मिल सकेगी।

JNU प्रशासन की प्रतिक्रिया का इंतजार
फिलहाल JNU प्रशासन और कुलपति कार्यालय की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। अभी आरोप हैं और कमेटी गठित की गई है। बता दें कि JNU देश की चर्चित यूनिवर्सिटी है और उसमें कुछ भी होता है तो देशभर में चर्चा में होता है।
Anjali 
