इंदौर में स्वच्छता सर्वेक्षण कार्यों पर सवाल, सेंट्रल डिवाइडर की घटिया पेंटिंग पकड़ी गई

स्वच्छता सर्वेक्षण के कार्यों में लापरवाही, एमआईसी सदस्य ने सेंट्रल डिवाइडर पर घटिया रंगाई-पुताई पकड़ी, ठेकेदार और अधिकारियों को लगाई फटकार

इंदौर में स्वच्छता सर्वेक्षण कार्यों पर सवाल, सेंट्रल डिवाइडर की घटिया पेंटिंग पकड़ी गई
google

इंदौर नगर निगम के स्वच्छता सर्वेक्षण से जुड़े कार्यों में गुणवत्ता को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। एमआईसी सदस्य राजेंद्र राठौर ने ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर से एबी रोड की ओर जाने वाले मार्ग के सेंट्रल डिवाइडर पर चल रहे रंगाई-पुताई कार्य का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान रंग की गुणवत्ता बेहद खराब पाई गई, जिस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों और ठेकेदार को फटकार लगाते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए।

दरअसल, इंदौर नगर निगम के एमआईसी सदस्य राजेंद्र राठौर ने नगर निगम द्वारा कराए जा रहे सेंट्रल डिवाइडर के रंगाई-पुताई और थर्मोप्लास्टिक कलर पट्टियों के कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि डिवाइडर पर लगाया गया रंग पानी डालने और रगड़ने मात्र से ही उखड़ रहा है, जिससे कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए।

राठौर ने मौके पर यातायात विभाग के सहायक यंत्री और संबंधित ठेकेदार को बुलाकर कार्य की जांच कराई। उन्होंने कहा कि स्वच्छता सर्वेक्षण की आड़ में शहर के विभिन्न हिस्सों में गुणवत्ताहीन कार्य किए जा रहे हैं, जो स्वीकार्य नहीं हैं। उन्होंने बताया कि इससे पहले बापट चौराहा से राजीव आवास विहार मार्ग पर भी इसी तरह की अनियमितता सामने आई थी।

निरीक्षण के दौरान एमआईसी सदस्य ने अधिकारियों और ठेकेदार को कड़ी फटकार लगाई तथा वरिष्ठ अधिकारियों को पूरे मामले से अवगत कराते हुए ऐसे कार्यों पर तत्काल रोक लगाने और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। नगर निगम अब संबंधित कार्यों की समीक्षा कर आगे की कार्रवाई की तैयारी में जुटा है।