इंदौर में बड़ी कार्रवाई: चरनोई भूमि से 35 अवैध दुकानें हटाईं, 1.5 हेक्टेयर जमीन अतिक्रमण मुक्त

इंदौर के ग्राम बांक में प्रशासन ने शासकीय चरनोई भूमि पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 1.5 हेक्टेयर जमीन को मुक्त कराया। इस दौरान लगभग 35 अवैध दुकानों को हटाया गया और भूमि को विभिन्न सरकारी निर्माण कार्यों के लिए सुरक्षित किया गया।

इंदौर में बड़ी कार्रवाई: चरनोई भूमि से 35 अवैध दुकानें हटाईं, 1.5 हेक्टेयर जमीन अतिक्रमण मुक्त

इंदौर प्रशासन ने शासकीय चरनोई भूमि पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश पर मल्हारगंज तहसील के ग्राम बांक में प्रशासन, पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम ने करीब डेढ़ हेक्टेयर शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया। इस दौरान टीन शेड से बनी लगभग 35 दुकानों को हटाया गया।

दरअसल, ग्राम बांक स्थित सर्वे क्रमांक 182 और 187/1 की करीब 1.500 हेक्टेयर शासकीय चरनोई भूमि पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। प्रशासन के अनुसार इस भूमि पर टीन शेड से बने गैरेज, ऑटो पार्ट्स और वाहन सर्विसिंग से संबंधित करीब 35 दुकानों का अवैध कब्जा था।

कार्रवाई के दौरान जेसीबी और नगर निगम की रिमूवल टीम ने अतिक्रमण हटाकर भूमि को मुक्त कराया। प्रशासन ने बताया कि उक्त भूमि को कलेक्टर इंदौर द्वारा धार रोड थाना, जनपद पंचायत इंदौर और फायर स्टेशन निर्माण के लिए आवंटित किया गया है।

अतिक्रमण हटाने की इस कार्रवाई में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ पुलिस बल, नगर निगम की टीम, जनपद पंचायत इंदौर तथा ग्राम पंचायत बांक का अमला भी मौजूद रहा। पूरे अभियान के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की गई थी।