इंदौर में इलेक्ट्रिक वाहन शोरूम में भीषण आग, 20 लोगों का सफल रेस्क्यू
इंदौर के लसूड़िया थाना क्षेत्र स्थित एक इलेक्ट्रिक वाहन शोरूम में आग लगने से इमारत में अफरा-तफरी मच गई और ऊपरी मंजिलों पर रह रहे करीब 20 लोग फंस गए। पुलिस, फायर ब्रिगेड और स्थानीय लोगों की मदद से सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
इंदौर के लसूड़िया थाना क्षेत्र स्थित खालसा चौक के पास शुक्रवार सुबह एक इलेक्ट्रिक वाहन शोरूम में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग लगने के दौरान इमारत की ऊपरी मंजिलों पर रहने वाले छह परिवारों के करीब 20 लोग अंदर फंस गए थे। समय रहते पुलिस, फायर ब्रिगेड और स्थानीय रहवासियों की मदद से सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

जानकारी के अनुसार, सुबह करीब सात बजे ग्राउंड फ्लोर पर संचालित काइनेटिक ग्रीन इलेक्ट्रिक वाहन शोरूम में अचानक आग भड़क उठी। बताया जा रहा है कि शोरूम के बाहर कुछ फोर-व्हीलर गाड़ियों को चार्जिंग पर लगाया गया था। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है। उस समय ऊपर बने फ्लैट्स में रहने वाले लोग सो रहे थे।
शोरूम से उठते धुएं ने तेजी से पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे लोगों को सांस लेने में परेशानी होने लगी और उनकी नींद खुल गई। जब रहवासियों ने नीचे देखा तो शोरूम से आग की ऊंची लपटें उठ रही थीं। आग और धुएं के कारण मुख्य सीढ़ियां पूरी तरह प्रभावित हो गई थीं, जिससे लोग नीचे नहीं उतर पा रहे थे।
लोगों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के रहवासी तुरंत मदद के लिए पहुंचे। उन्होंने सीढ़ियों और रस्सियों का इंतजाम किया तथा पास की मल्टीस्टोरी बिल्डिंग की छत से संपर्क बनाकर रेस्क्यू शुरू किया। पड़ोसियों ने दोनों इमारतों की छतों के बीच सीढ़ियां जोड़कर अस्थायी रास्ता तैयार किया। इसके जरिए कई लोगों को सुरक्षित दूसरी छत पर पहुंचाया गया, जबकि कुछ लोगों को रस्सियों की सहायता से नीचे उतारा गया।
आग फ्लैट्स तक नहीं पहुंची, जिससे घरों का सामान सुरक्षित बच गया। हालांकि शोरूम में रखे सभी इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन जलकर खाक हो गए।
क्षेत्रीय डीसीपी अमर सिंह राठौर ने बताया कि मल्टी में लगी आग के चलते करीब 20 लोग फंस गए थे, जिन्हें पुलिस, रहवासियों और फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया। दो टैंकर पानी की मदद से करीब एक घंटे में आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

