अबू धाबी के लिए पहली इंटरनेशनल फ्लाइट शुरू करेंगे CM मोहन यादव, 83 करोड़ के जिला अस्पताल भवन का भी लोकार्पण

आज इंदौर को मिलेंगी दो बड़ी सौगात, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव अबू धाबी के लिए पहली अंतरराष्ट्रीय उड़ान का शुभारंभ करेंगे। इसके साथ ही 83 करोड़ रुपये की लागत से बने अत्याधुनिक 300 बेड वाले जिला चिकित्सालय भवन का भी लोकार्पण किया जाएगा।

अबू धाबी के लिए पहली इंटरनेशनल फ्लाइट शुरू करेंगे CM मोहन यादव, 83 करोड़ के जिला अस्पताल भवन का भी लोकार्पण
google

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इंदौर से प्रदेश की पहली अंतरराष्ट्रीय हवाई सेवा का आज शुभारंभ करेंगे। यह हवाई सेवा इंदौर को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) की राजधानी अबू धाबी से सीधे जोड़ेगी। यह सेवा टाटा समूह की विमानन इकाई एयर इंडिया एक्सप्रेस द्वारा संचालित की जाएगी, जो सप्ताह में चार दिन सोमवार, बुधवार, शुक्रवार एवं रविवार को उपलब्ध रहेगी।

3 घंटे में पूरा होगा सफर

बता दें कि इंदौर से अबू धाबी उड़ान के लिए टिकट्स की बुकिंग भी शुरू हो चुकी है। इंदौर से फ्लाइट शुरू होने से पहले यात्रियों को दिल्ली या मुंबई रूट से होकर यात्रा करनी पड़ती थी। लेकिन अब यात्री सीधे इंदौर से ही अबू धाबी का सफर पूरा कर सकेंगे। पहले जहां लोगों को यात्रा करने में कई घंटे लग जाते थे, वहीं अब यह यात्रा सिर्फ 3 घंटे में ही पूरी हो जाएगी।

प्रदेश सरकार नागरिक विमानन नीति-2025 के तहत प्रदेश में हवाई संपर्क का निरंतर विस्तार कर रही है। इस नीति के अंतर्गत राज्य में अब तक आठ नए हवाई मार्ग स्वीकृत किए जा चुके हैं, जिनमें से चार मार्गों पर सेवाएं प्रारंभ हो चुकी हैं।

इंदौर को मिलेगी दूसरी बड़ी सौगात

आज इंदौर को एक नहीं बल्कि दो सौगात मिलने जा रही हैं। आज मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इंदौर में 83 करोड़ रुपये की लागत से बने जिला चिकित्सालय के नए अत्याधुनिक भवन का लोकार्पण भी करेंगे। जिला चिकित्सालय की नई बिल्डिंग में सुविधाओं का भी विस्तार हुआ है।

अस्पताल में 300 बेड की सुविधा के साथ-साथ ऑपरेशन, सोनोग्राफी, पैथोलॉजी जांच की भी सुविधा है। इंदौर में बना यह चार मंजिला आधुनिक भवन जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती देने के लिए बनाया गया है। इस अस्पताल की बिल्डिंग को बनने में सात साल से ज्यादा का समय लगा है।