सतना: पैरोल से फरार हिस्ट्रीशीटर ने गोली मारकर अधेड़ को उतारा मौत के घाट, बेटे पर भी की फायरिंग

नागौद के बारापत्थर में गिरोह के साथ किया हमला, मृतक को लगी 5 बुलेट, घायल के पैर में फंसी 2 गोली

सतना: पैरोल से फरार हिस्ट्रीशीटर ने गोली मारकर अधेड़ को उतारा मौत के घाट, बेटे पर भी की फायरिंग

सतना। पैरोल पर छूटने के बाद फरार हुए सजायाफ्ता बदमाश ने छोटे भाई से मामूली विवाद की रंजिश में आधा दर्जन साथियों समेत नागौद थाना क्षेत्र के बारापत्थर गांव पर धावा बोलकर अधेड़ को गोलियों से भून दिया, तो उसके बेटे पर भी ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल लाया गया है। इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई है।

हिस्ट्रीशीटर के छोटे भाई से मृतक का हुआ था विवाद

पुलिस ने बताया कि हिस्ट्रीशीटर चंदन यादव निवासी बारापत्थर पर हत्या समेत कई गंभीर अपराध दर्ज हैं, जिनमें से एक प्रकरण में उसे सजा हो चुकी है। दिसंबर 2025 में वह एक माह के पैरोल पर जेल से बाहर आया, मगर निर्धारित अवधि के बाद हाजिर होने के बजाय फरार हो गया, तभी से पुलिस उसकी तलाश कर रही है। इसी बीच बुधवार की शाम को उसका छोटा भाई शरद यादव बेवजह लोगों से गाली-गलौज करने लगा। तब मोहल्ले के ही अभय उर्फ बब्लू यादव 50 वर्ष, ने फटकारने के साथ दो तमाचे लगा दिए। इस बात से भडक़े शरद ने गुपचुप तरीके से फरार चल रहे भाई चंदन से संपर्क कर बदला लेने के लिए कहा।

घर में पिता, दुकान में बेटे पर फायरिंग

गुरुवार की रात को तकरीबन 9.30 बजे चंदन यादव अपने आधा दर्जन साथियों को लेकर किसी वाहन से गांव में अभय उर्फ बब्लू के घर पहुंचा और छत पर टहलते समय पिस्टल से ताबड़तोड़ फायरिंग कर उसे मौत के घाट उतार दिया। आरोपी ने अधेड़ को 5 गोलियां मारीं, जिनमें से 2 पीठ में, 1 पेट, 1 गर्दन और 1 पसली में लगी। इस वारदात के बाद हमलावर गांव से एक किलोमीटर दूर मृतक के बेटे राणा यादव 25 वर्ष, की किराना दुकान में पहुंचे और हत्या के इरादे से उस पर भी कई राउंड फायर झोंक दिए। तब जान बचाने के लिए युवक दुकान छोडक़र भाग निकला, मगर इसके बावजूद दाहिने पैर में दो गोलियां लग गईं।

घायल युवक को लाया गया जिला अस्पताल

सनसनीखेज वारदात से दहशत में आए मृतक के परिजनों ने किसी तरह पुलिस से संपर्क किया, जिस पर टीआई अशोक पांडेय अपनी टीम को लेकर गांव पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी भाग चुके थे। तब मृतक अभय और घायल राणा को सिविल अस्पताल नागौद लाया गया, जहां जांच के बाद अधेड़ का शव मरचुरी में रखवा दिया गया, तो वहीं उसके बेटे राणा को सतना रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद परिवार के लोग युवक को प्राइवेट हॉस्पिटल ले गए।

वहीं सनसनीखेज वारदात के बाद नागौद समेत आसपास के थानों की पुलिस हिस्ट्रीशीटर चंदन यादव और उसके गिरोह की तलाश में जुट गई है। भारी संख्या में पुलिस बल बारापत्थर में भी तैनात किया गया है। बताया गया है कि मृतक के खिलाफ भी हत्या के 2 मामलों समेत कई अपराध दर्ज थे, जिनमें वह जेल की हवा भी खा चुका था।