गोदरेज की चौथी इकाई का शुभारंभ, 450 करोड़ से ज्यादा का निवेश; CM बोले- पूरे देश में भेजे जाएंगे उत्पाद

Godrej Malanpur Plant : मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले भिंड की पहचान अलग तरह से होती थी, लेकिन अब यहां उद्योग, निवेश और रोजगार का नया माहौल बन रहा है।

गोदरेज की चौथी इकाई का शुभारंभ, 450 करोड़ से ज्यादा का निवेश; CM बोले- पूरे देश में भेजे जाएंगे उत्पाद

Godrej Malanpur Plant : भिंड। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 26 अगस्त को भिंड जिले के मालनपुर औद्योगिक क्षेत्र में गोदरेज कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड की चौथी इकाई का शुभारंभ किया। कंपनी ने इस विस्तार में 450 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया है। इससे क्षेत्र में सैकड़ों लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है। कंपनी के अनुसार, यहां तैयार होने वाले उत्पाद देश के अलग-अलग हिस्सों में भेजे जाएंगे। नई इकाई शुरू होने के बाद मालनपुर एशिया के बड़े साबुन उत्पादन केंद्रों में शामिल हो गया है।

हर मिनट बनेंगे 4 हजार साबुन

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सरकार ने केवल समझौता ज्ञापनों तक खुद को सीमित नहीं रखा, बल्कि निवेश को जमीन पर उतारने का काम किया है। उन्होंने बताया कि मालनपुर में हर मिनट करीब 4 हजार साबुन तैयार किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि यह चंबल क्षेत्र के लिए बड़ा बदलाव है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले भिंड की पहचान अलग तरह से होती थी, लेकिन अब यहां उद्योग, निवेश और रोजगार का नया माहौल बन रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि गुडनाइट जैसे उत्पाद मालनपुर से देशभर में पहुंचेंगे।

मध्य प्रदेश में निवेश तेजी से बढ़ने का दावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि दो महीने से भी कम समय में प्रदेश में यह तीसरी बड़ी औद्योगिक इकाई है। इससे पहले गुना में 1500 करोड़ रुपये की लागत वाला सीमेंट संयंत्र और शिवपुरी में 3500 करोड़ रुपये का संयंत्र स्थापित हुआ है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में 10 लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश अलग-अलग परियोजनाओं के रूप में आगे बढ़ रहा है। कई कारखानों में उत्पादन भी शुरू हो चुका है। उनके अनुसार, मध्य प्रदेश का विदेशी निर्यात बढ़कर 76 हजार करोड़ रुपये हो गया है।

गोदरेज की पांचवीं इकाई की उम्मीद

मुख्यमंत्री ने कहा कि गोदरेज का लोगों के बीच लंबे समय से भरोसा है। उन्होंने कहा कि कंपनी के उत्पाद देश के घरों का हिस्सा बने हुए हैं। डॉ. यादव ने बताया कि करीब आठ से दस महीने पहले उन्होंने मालनपुर में 1500 करोड़ रुपये की लागत वाले एलिक्सर इंडस्ट्रीज के संयंत्र का भूमिपूजन किया था।

इसका लोकार्पण भी जल्द किया जाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि गोदरेज समूह मालनपुर में अपनी पांचवीं इकाई भी जल्द शुरू करेगा। कंपनी से स्थानीय युवाओं के कौशल विकास के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू करने का आग्रह भी किया।

चंबल में बदल रही उद्योग की तस्वीर

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने भोपाल में वैश्विक निवेश सम्मेलन से पहले क्षेत्रीय उद्योग सम्मेलन आयोजित किए थे। इसका उद्देश्य प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में औद्योगिक संभावनाओं को बढ़ाना था। इसी दिशा में ग्वालियर में दूरसंचार क्षेत्र की बड़ी इकाई स्थापित करने की योजना है।

उन्होंने कहा कि कभी दस्यु समस्या के लिए पहचाने जाने वाला ग्वालियर-चंबल क्षेत्र अब उद्योग, निवेश और रोजगार के लिए नई पहचान बना रहा है। उन्होंने बताया कि जनवरी 2027 में वैश्विक निवेश सम्मेलन होगा, जिसका शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे।

मेक इन इंडिया को मिल रही ताकत

विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में प्रदेश में लगातार निवेश आ रहा है। उन्होंने कहा कि पहले चंबल को पिछड़ा क्षेत्र माना जाता था, लेकिन अब यहां औद्योगिक गतिविधियां बढ़ रही हैं।

भिंड में हाइड्रोजन तैयार करने वाले संयंत्र का भूमिपूजन भी हो चुका है। पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रह्लाद पटेल ने कहा कि गोदरेज के विस्तार से स्थानीय लोगों को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि मालनपुर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मेक इन इंडिया अभियान को भी मजबूती मिल रही है।

35 साल पुराना है गोदरेज का रिश्ता

गोदरेज कंज्यूमर प्रोडक्ट्स की कार्यकारी अध्यक्ष निसाबा गोदरेज ने बताया कि मालनपुर के साथ कंपनी का रिश्ता करीब 35 साल पुराना है। उनके पिता आदि गोदरेज ने 1991 में यहां साबुन निर्माण की इकाई शुरू की थी।

उन्होंने कहा कि गोदरेज नंबर 1 साबुन आज मालनपुर में तैयार होकर देश का प्रमुख उत्पाद बन चुका है। उन्होंने यह भी कहा कि महिलाओं को सुरक्षित वातावरण, आवास और काम की बेहतर सुविधाएं दी जा रही हैं। अब महिलाओं को रात की पाली में भी काम करने के अवसर मिलेंगे।

मलेरिया के खिलाफ सरकार के साथ काम करेगा गोदरेज

निसाबा गोदरेज ने कहा कि कंपनी मलेरिया और मच्छरों से फैलने वाली दूसरी बीमारियों की रोकथाम के लिए भी काम कर रही है। कंपनी ने इसके लिए विशेष उत्पाद तैयार किए हैं।

उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में मलेरिया के मामलों में कमी देखने को मिली है। गोदरेज वर्ष 2030 तक प्रदेश को मलेरिया मुक्त बनाने के लक्ष्य में राज्य सरकार के साथ मिलकर काम करने को तैयार है।

मालनपुर में अब तक 850 करोड़ का निवेश

गोदरेज कंज्यूमर प्रोडक्ट्स के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी आसिफ मलबारी ने कहा कि मालनपुर के लिए यह ऐतिहासिक दिन है। उन्होंने बताया कि कंपनी की करीब 70 एकड़ में फैली उत्पादन इकाई में अब तक कुल 850 करोड़ रुपये का निवेश हो चुका है।

कंपनी की कुल साबुन उत्पादन क्षमता करीब 2 लाख टन है। नई इकाई के विस्तार के बाद कंपनी के अनुसार वह पूरे एशिया में सबसे बड़े साबुन निर्माताओं में शामिल हो जाएगी।