जबलपुर में भाजपा का पंडित दीनदयाल महाप्रशिक्षण अभियान, सीएम डॉ. मोहन यादव होंगे शामिल
भाजपा के पंडित दीनदयाल महाप्रशिक्षण अभियान के तहत जबलपुर में विषय वक्ता कार्यशाला आयोजित होगी. इसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शामिल होंगे. जबलपुर, छिंदवाड़ा, रीवा और शहडोल संभाग के 19 जिलों के विषय वक्ता इसमें भाग लेंगे.
भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के पंडित दीनदयाल महाप्रशिक्षण अभियान के तहत प्रदेश स्तरीय विषय वक्ता कार्यशाला का आयोजन जबलपुर में किया जा रहा है. जिसमें मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी शामिल होंगे और प्रशिक्षण अभियान से जुड़े कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन देंगे.
इससे पहले इसी अभियान के तहत राजधानी भोपाल में भी कार्यशाला आयोजित की जा चुकी है. जबलपुर में आयोजित होने वाली इस कार्यशाला में जबलपुर, छिंदवाड़ा, रीवा और शहडोल संभाग के 19 जिलों के विषय वक्ता भाग लेंगे.
कार्यशाला में प्रदेश पदाधिकारी, प्रशिक्षण महाअभियान की प्रदेश टोली, संभाग प्रभारी, प्रशिक्षक विषय वक्ता, मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष, सोशल मीडिया एवं आईटी विभाग के प्रदेश संयोजक, जिला प्रभारी, जिला अध्यक्ष, संभाग प्रशिक्षण प्रभारी और जिला प्रशिक्षण टोली के चार सदस्य सहित जिला स्तर के विषय वक्ता मौजूद रहेंगे.
भाजपा संगठन की ओर से सभी जिलों से दो-दो प्रशिक्षकों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है. कार्यशाला के दौरान 24 घंटे के गहन प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), सोशल मीडिया, नमो ऐप और संगठन ऐप के प्रभावी उपयोग पर विशेष फोकस रहेगा.
प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य तकनीक का अधिकतम उपयोग करते हुए पार्टी की विचारधारा और सरकार की उपलब्धियों को प्रभावी तरीके से जनता तक पहुंचाना है.
shivendra 
