MP में पारा पहुंचा 43 डिग्री, भीषण गर्मी के बीच इंदौर में स्कूलों का समय बदला
इंदौर में लगातार बढ़ती गर्मी को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। कलेक्टर ने बच्चों की सेहत को ध्यान में रखते हुए स्कूलों और आंगनबाड़ियों के समय में बदलाव किया है।
मध्य प्रदेश में गर्मी अपनी तीखे तेवर दिखा रही है। लगातार बढ़ती गर्मी को देखते हुए इंदौर जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। कलेक्टर शिवम वर्मा ने बच्चों की सेहत को ध्यान में रखते हुए स्कूलों और आंगनबाड़ियों के समय में बदलाव किया है। नए आदेश के तहत छोटे बच्चों के स्कूल अब सुबह के समय संचालित होंगे।

इंदौर जिले में तापमान में लगातार हो रही बढ़ोतरी को देखते हुए कलेक्टर शिवम वर्मा ने यह निर्णय लिया है। नए आदेश के अनुसार, नर्सरी से लेकर कक्षा 8वीं तक के स्कूलों का समय अब सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक रहेगा, जबकि परीक्षाएं तय समय पर ही होंगी। वहीं, आंगनबाड़ियों का संचालन सुबह 8:30 बजे से 11:30 बजे तक किया जाएगा, ताकि छोटे बच्चों को तेज धूप और गर्मी से बचाया जा सके।
हालांकि, कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के समय में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है। कलेक्टर शिवम वर्मा के आदेश तत्काल प्रभाव से लागू किए गए हैं। प्रशासन का कहना है कि यह निर्णय बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है और मौसम की स्थिति के अनुसार आगे भी समीक्षा की जाएगी।

मौसम विभाग के अनुसार, अप्रैल के दूसरे पखवाड़े में तेज गर्मी पड़ती है, इस बार भी ऐसा ही है। शुरुआती नौ दिन तक आंधी, बारिश और ओले का दौर रहा। 10 अप्रैल से गर्मी बढ़ गई। अब असर ज्यादा रहेगा। गुरुवार को नर्मदापुरम में पारा 43 डिग्री दर्ज किया गया, जो सीजन का सबसे अधिक है। मौसम विभाग के अनुसार, नर्मदापुरम के बाद रतलाम दूसरा सबसे गर्म शहर रहा, यहां अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री दर्ज किया गया।
प्रदेश के 5 बड़े शहरों की बात करें तो जबलपुर में सबसे ज्यादा 41.4 डिग्री, भोपाल में 40.5 डिग्री, इंदौर में 40.1 डिग्री, ग्वालियर में 40.5 डिग्री और उज्जैन में 40.7 डिग्री दर्ज किया गया। राजधानी भोपाल में दोपहर में तेज गर्मी का अहसास हुआ। 17 अप्रैल शुक्रवार को 20 जिलों में हीट वेव का अलर्ट जारी किया गया है।
Varsha Shrivastava 
