चोरी और आगजनी मामले में न्याय के लिए विधवा महिला ने लगाई गुहार

सिंगरौली में चोरी और आगजनी की घटनाओं में कार्रवाई नहीं होने से परेशान एक विधवा महिला ने एसपी कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई। महिला का आरोप है कि कई शिकायतों के बावजूद अब तक न तो उचित जांच हुई और न ही किसी आरोपी की गिरफ्तारी की गई।

चोरी और आगजनी मामले में न्याय के लिए विधवा महिला ने लगाई गुहार
google

सिंगरौली के चितरंगी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कोरसर कोठार निवासी एक विधवा महिला ने चोरी और आगजनी की घटनाओं में अब तक कार्रवाई नहीं होने पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पीड़िता सुवंती उर्फ सुनीता कोरी, पति स्वर्गीय गिरजा कोरी ने आवेदन में बताया कि 17 अप्रैल 2026 को अज्ञात लोगों ने उनके घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात और नगदी चोरी कर ली थी। इसके अलावा करीब छह माह पहले उनकी दुकान में भी अज्ञात व्यक्तियों द्वारा आग लगा दी गई थी, जिससे दुकान में रखा पूरा सामान जलकर नष्ट हो गया और उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।

महिला का आरोप है कि दोनों घटनाओं की शिकायत कई बार थाना चितरंगी, पुलिस अधीक्षक कार्यालय और कलेक्ट्रेट में की गई, लेकिन अब तक न तो मामले की उचित जांच हुई और न ही किसी आरोपी की गिरफ्तारी की गई।

पीड़िता ने बताया कि वह एक गरीब एवं विधवा हैं और छोटे-छोटे बच्चों का पालन-पोषण कठिन परिस्थितियों में कर रही हैं। लगातार न्याय नहीं मिलने से परिवार आर्थिक और मानसिक रूप से परेशान है।

महिला ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करते हुए न्याय दिलाने की मांग की है।