Singrauli :सरई बाजार में परिवार से बिछड़ी मासूम को पुलिस ने मां से मिलाया

सिंगरौली के सरई बाजार में परिवार से बिछड़ी मासूम बच्ची को पुलिस ने सुरक्षित संरक्षण में लेकर खोजबीन की और कुछ ही घंटों में उसकी मां से मिला दिया।

Singrauli :सरई बाजार में परिवार से बिछड़ी मासूम को पुलिस ने मां से मिलाया

सिंगरौली। सरई बाजार में शुक्रवार शाम अपने परिवार से बिछड़कर रो रही एक मासूम बच्ची को पुलिस की तत्परता से कुछ ही घंटों में उसके परिजनों से मिला दिया गया। बच्ची को सुरक्षित पाकर मां ने उसे सीने से लगा लिया। इस दौरान मौके पर भावुक दृश्य देखने को मिला।

जानकारी के मुताबिक, सरई बाजार क्षेत्र में एक मासूम बच्ची अकेली रोती हुई मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची को सुरक्षित संरक्षण में लेकर उसके परिजनों की तलाश शुरू की। पूछताछ में बच्ची केवल अपने पिता का नाम संतोष गुप्ता बता पा रही थी। इसके अलावा वह कोई अन्य जानकारी नहीं दे सकी, जिससे शुरुआत में परिजनों का पता लगाने में परेशानी हुई।

शाम करीब छह बजे तक बच्ची के परिजनों की जानकारी नहीं मिल सकी थी। इसके बाद पुलिस ने स्थानीय लोगों से पूछताछ करने के साथ ही बाजार और आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन तेज कर दी। लगातार प्रयास के बाद पुलिस बच्ची के परिजनों तक पहुंचने में सफल रही।

बताया गया कि बच्ची के परिजन कुड़ैनिया गांव के रहने वाले हैं और तुलसी गुप्ता के यहां आयोजित दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने सरई आए थे। इसी दौरान भीड़भाड़ में बच्ची अपने परिवार से बिछड़ गई थी।

पुलिस ने जब बच्ची को उसकी मां के सुपुर्द किया तो माहौल भावुक हो गया। मां ने बेटी को सीने से लगाकर राहत की सांस ली और पुलिस का आभार जताया। परिजनों ने पुलिस की तत्परता और संवेदनशीलता की सराहना की।