शाजापुर: चलते ट्रक में लगी भीषण आग, कैटरिंग का सामान जलकर खाक
शाजापुर के नेशनल हाईवे 52 पर चलते ट्रक में अचानक आग लगने से फॉर्च्यून और कैटरिंग का सामान पूरी तरह जलकर खाक हो गया।
शाजापुर। मध्य प्रदेश के शाजापुर जिले में बुधवार सुबह करीब 8 बजे नेशनल हाईवे 52 पर एक चलते ट्रक में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और ट्रक में रखा फॉर्च्यून (चावल) और कैटरिंग का अन्य सामान पूरी तरह जलकर खाक हो गया। आग की लपटें और धुआं दूर से दिखाई देने लगे, जिससे आसपास अफरा-तफरी मच गई।

ड्राइवर ने कूदकर बचाई जान
ट्रक चालक मुमताज खान ने बताया कि वाहन रातभर एक होटल पर खड़ा था। सुबह करीब 10 किलोमीटर चलने के बाद अचानक ट्रक से धुआं निकलने लगा और कुछ ही देर में आग भड़क उठी। स्थिति गंभीर होते देख चालक ने ट्रक से कूदकर अपनी जान बचाई। ट्रक अहमदाबाद से बिहार जा रहा था।

मौके पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 पर पदस्थ प्रधान आरक्षक पवन शर्मा और पायलट अंकित मौके पर पहुंचे। इसके अलावा कोतवाली थाना, यातायात पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें भी घटनास्थल पर पहुंचीं। करीब तीन से चार दमकल वाहनों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

यातायात रहा प्रभावित
आगजनी के चलते शाजापुर से सारंगपुर जाने वाला मार्ग कुछ समय के लिए बंद कर दिया गया था, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। आग बुझने के बाद मार्ग को पुनः शुरू कर दिया गया। कोतवाली थाना प्रभारी संतोष वाघेला ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। जले हुए सामान के नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
Varsha Shrivastava 
