Shajapur: 10 साल के बच्चे की हत्या का 24 घंटे में खुलासा, हिरासत में नाबालिग आरोपी
कालापीपल के नांदनी गांव में मासूम की गला रेतकर की हत्या, वारदात से फैली सनसनी-गांव में पसरा मातम, पुलिस ने 24 घंटे के अंदर मामले का खुलासा कर नाबालिग को पकड़ा
Shajapur। जिले के कालापीपल थाना क्षेत्र स्थित ग्राम नांदनी में 10 साल के मासूम बच्चे की की बेरहमी से गला रेतकर हत्या के मामले में पुलिस ने महज 24 घंटे के अंदर पूरे प्रकरण का खुलासा कर नाबालिग आरोपी को हिरासत में ले लिया है। जानकारी के अनुसार, बालक गुरुवार शाम करीब 5 बजे से लापता था। सूचना मिलते ही थाना कालापीपल पुलिस ने तुरंत अपराध दर्ज कर तलाश शुरू की। थाना प्रभारी रवि भंडारी के नेतृत्व में पुलिस टीम और ग्रामीणों ने पूरी रात सघन खोजबीन की, वहीं परिजनों ने सोशल मीडिया के जरिए भी मदद की अपील की थी।

शुक्रवार 17 जुलाई की सुबह बालक का शव गांव के पास स्थित एमपीईबी के खंडहर में बरामद हुआ। सूचना मिलते ही पूरे गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। मासूम की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक की लहर छा गई।

पुलिस अधीक्षक प्रियंका शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक घनश्याम मालवीय और एसडीओपी निमेष देशमुख खुद मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए। डॉग स्क्वॉड, एफएसएल टीम और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट्स ने तुरंत साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए। क्षेत्रीय विधायक घनश्याम चंद्रवंशी भी घटनास्थल पर पहुंचे और अधिकारियों से पूरे मामले की जानकारी लेकर निष्पक्ष व गंभीर जांच के निर्देश दिए।

पुलिस ने बिना समय गंवाए विवेचना शुरू की और मृतक के साथ खेलने वाले सहित उसे अंतिम बार देखने वाले बच्चों से पूछताछ की। इसी आधार पर एक नाबालिग (विधि-विरुद्ध बालक) को तुरंत हिरासत में ले लिया गया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने मृतक बालक को राजश्री पाउच मंगवाया था। पाउच लाने के बाद जब आरोपी ने भविष्य में ऐसी चीजें न लाने की हिदायत दी, तो दोनों में विवाद हो गया। डरकर मृतक बालक खंडहर की ओर भाग गया, जहां आरोपी ने पीछा कर उसे पकड़ा और गुस्से में चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि एफएसएल जांच रिपोर्ट आने तक कोई अतिरिक्त आधिकारिक बयान नहीं दिया जाएगा और रिपोर्ट के बाद ही मौत के सभी पहलुओं का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल हथियार और अन्य साक्ष्यों पर वैधानिक कार्रवाई जारी है और किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत आगे की प्रक्रिया अपनाई जा रही है।

इस त्वरित कार्रवाई में थाना प्रभारी रवि भंडारी, उप निरीक्षक मुनेश्वर भगत, उनि सुनीता मेवाड़ा सहित पूरी पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही। शाजापुर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि घटना से जुड़ी कोई भी अपुष्ट या भ्रामक जानकारी सोशल मीडिया पर न फैलाएं और केवल पुलिस की आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें।
Varsha Shrivastava 
