सतना : तालाब में डूबीं चचेरी बहनें, पूजा सामग्री विसर्जित करने गई थीं दोनों

सतना के धतुआ गांव में पूजा सामग्री विसर्जित करने गईं दो चचेरी बहनों की तालाब में डूबने से मौत हो गई। दोनों को ग्रामीणों ने बाहर निकाला, लेकिन अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

सतना : तालाब में डूबीं चचेरी बहनें, पूजा सामग्री विसर्जित करने गई थीं दोनों

सतना। रामपुर बाघेलान थाना क्षेत्र के धतुआ गांव में सावन सोमवार की पूजा के बाद पूजन सामग्री विसर्जित करने गई दो चचेरी बहनों की तालाब में डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में मातम पसर गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों के शवों को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए मरचुरी में रखवाया।

पूजन सामग्री विसर्जित करने तालाब गई थीं दोनों

रामपुर बाघेलान थाना प्रभारी संदीप चतुर्वेदी के अनुसार धतुआ निवासी खुशी कोरी, उम्र 15 वर्ष, अपनी चचेरी बहन प्रिया कोरी, उम्र 11 वर्ष, के घर सावन सोमवार और नागपंचमी की पूजा में शामिल हुई थी। पूजा खत्म होने के बाद दोनों पूजन सामग्री विसर्जित करने गांव के तालाब पर पहुंचीं।बताया जा रहा है कि पूजन सामग्री विसर्जित करते समय एक बहन गहरे पानी में जाने लगी। उसे डूबता देखकर दूसरी बहन बचाने के लिए तालाब में उतर गई। दोनों को तैरना नहीं आता था, जिसके चलते देखते ही देखते दोनों गहरे पानी में डूबने लगीं।

ग्रामीणों ने तालाब से बाहर निकाला

दोनों बहनों के मदद के लिए पुकारने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तालाब की तरफ पहुंचे। ग्रामीणों ने दोनों को डूबते देखा तो उन्हें बचाने के लिए तालाब में उतर गए। हाल ही में हुई तेज बारिश के कारण तालाब का जलस्तर बढ़ा हुआ था, जिससे रेस्क्यू में भी परेशानी हुई।काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने दोनों को तालाब से बाहर निकाला। उस समय दोनों बेसुध थीं। परिजन और ग्रामीण उन्हें तत्काल सिविल अस्पताल अमरपाटन लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।

पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपे जाएंगे शव

घटना की जानकारी मिलने के बाद रामपुर बाघेलान थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मरचुरी में रखवा दिया है। पुलिस के अनुसार मंगलवार को शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। एक ही परिवार की दो बच्चियों की मौत से कोरी परिवार में मातम का माहौल है।