सतना में पैसे के लालच में भांजे ने की मामा की हत्या: टांगी से सिर-गर्दन पर किए वार, कोतवाली पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
रामजानकी धर्मशाला में मिला था 70 वर्षीय वृद्ध का शव, भांजे ने हत्या के बाद पेटी से नकदी और दस्तावेज चुराए, पैसे के लालच में टांगी से वार कर की थी वृद्ध की हत्या
सतना। शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में जगतदेव तालाब के पास स्थित रामजानकी धर्मशाला के कमरे में मिले 70 वर्षीय वृद्ध के शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस के मुताबिक, वृद्ध की हत्या उसके 42 वर्षीय भांजे राघवेंद्र मिश्रा ने पैसे के लालच में टांगी से वार कर की थी।
हत्या के बाद आरोपी ने मृतक की पेटी से नकदी और कुछ दस्तावेज निकाले और कमरे में बाहर से ताला लगाकर चला गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे केंद्रीय जेल सतना भेज दिया गया।
धर्मशाला के कमरे से बरामद हुआ था शव
पुलिस के अनुसार, 19 अक्टूबर 2026 को सूचना मिली थी कि जगतदेव तालाब मंदिर के बगल में स्थित रामजानकी धर्मशाला के एक कमरे से दुर्गंध आ रही है। मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे के अंदर चारपाई पर एक वृद्ध का शव बरामद किया। शव कई दिन पुराना प्रतीत हो रहा था। मृतक की पहचान बिहारीलाल पाठक निवासी हिलीधा बरेठिया, थाना नागौद, जिला सतना के रूप में हुई।
पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। इसके साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और लोगों से पूछताछ की। जांच के दौरान पुलिस को आरोपी तक पहुंचने में सफलता मिली।
आधी रात को सोते समय टांगी से किया वार
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी राघवेंद्र मिश्रा ने बताया कि वह मृतक को मामा कहता था। घटना की रात दोनों धर्मशाला के कमरे में सो रहे थे। आरोपी ने बताया कि मामा द्वारा गाली-गलौज किए जाने से वह नाराज था। रात करीब 12 बजे उसने कमरे में रखी टांगी उठाई और सो रहे बिहारीलाल पाठक के सिर और गर्दन पर वार कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई।
हत्या के बाद पेटी से निकाली नकदी और दस्तावेज
पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद आरोपी ने शव को कंबल और कपड़ों से ढक दिया। वारदात में इस्तेमाल टांगी को कमरे में रखी लकड़ियों के बीच छिपा दिया। इसके बाद उसने मृतक की पेटी की चाबी लेकर ताला खोला और उसमें रखे अलग-अलग मूल्य के नोट, आधार कार्ड और एक फोटो निकालकर झोले में रख लिए। आरोपी ने सुबह करीब 4:30 बजे कमरे में बाहर से ताला लगाया। इसके बाद चाबियों को अलग-अलग कर जगतदेव तालाब में फेंक दिया, ताकि वे आसानी से बरामद न हो सकें।
आरोपी के पास से टांगी, नकदी और कपड़े बरामद
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल टांगी, नकदी और घटना के समय पहने गए कपड़े बरामद किए हैं। आरोपी राघवेंद्र मिश्रा निवासी घूमन, थाना डभौरा, जिला रीवा को विधिवत गिरफ्तार किया गया। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद उसे केंद्रीय जेल सतना भेज दिया गया।
Varsha Shrivastava 
