जादू-टोना के शक में बड़े भाई की हत्या, छोटे भाई ने दामाद संग मिलकर कुल्हाड़ी से किया हमला

जादू-टोना के शक पर छोटे भाई ने अपने होने वाले दामाद व अन्य के साथ मिलकर कुल्हाड़ी से हमला कर बड़े भाई को मौत के घाट उतार दिया। किरहाई गांव में रविवार की आधी रात घटित वारदात के बाद मृतक को छोड़कर आरोपी भाग निकले। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। सोमवार की देर शाम तक पुलिस ने हत्या की वारदात से जुड़े कई संदेहियों को हिरासत में लिया है। मौके से आरोपियों की एक बाइक बरामद की गई है।

जादू-टोना के शक में बड़े भाई की हत्या, छोटे भाई ने दामाद संग मिलकर कुल्हाड़ी से किया हमला
google

सतना: मैहर जिले के अमरपाटन थाना अंतर्गत किरहाई निवासी पतिराम कोल पिता श्याम लाल कोल 50 वर्ष रविवार रात परिवार के साथ घर पर था। रात लगभग 12 बजे के करीब पतिराम के घर के बाहर कई लोग शोर-शराबा कर रहे थे। शोर सुनकर पतिराम घर से बाहर आया। पीछे-पीछे परिवार के अन्य सदस्य भी आए। पतिराम ने देखा कि घर के बाहर उसका छोटा भाई सीताराम कोल और अन्य लोग शोर-शराबा कर रहे हैं। पतिराम इन्हें समझाने गया।

सिर और गले में चोट
शोर-शराबा न करने की समझाइश देने गए पतिराम के ऊपर आरोपियों ने कुल्हाड़ी और अन्य धारदार हथियारों से प्राणघातक हमला कर दिया। पतिराम के सिर व गर्दन में गंभीर चोट आई और वह मौके पर ही अचेत होकर गिर पड़ा। पतिराम पर हमला कर आरोपी मौके से भाग निकले। हमले में आई चोट की वजह से पतिराम की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वारदात मृतक के परिजनों के सामने हुई। सूचना मिलने पर अमरपाटन टीआई विजय सिंह परस्ते पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और जांच शुरू की।

विवाह तय होने के बाद बीमार रहने लगी थी युवती
टीआई विजय सिंह परस्ते ने बताया कि मृतक पतिराम कोल तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। उसका छोटा भाई सीताराम कोल पास में ही रहता है। सीताराम की बेटी की शादी हिनौता गांव में रोहित कोल के साथ तय हुई थी। रिश्ता तय होने के बाद युवती बीमार रहने लगी, जिससे सीताराम को संदेह हुआ कि उसके बड़े भाई पतिराम द्वारा जादू-टोना किया गया है। इसी शक के चलते वह रंजिश रखने लगा।

होने वाला दामाद भी रहा साथ
पुलिस के अनुसार रविवार रात सीताराम ने अपने होने वाले दामाद रोहित और कुछ परिचितों को बुलाया और फिर पतिराम के घर के सामने शोर-शराबा किया। बाहर आने पर कुल्हाड़ी व धारदार हथियार से हमला कर दिया गया। पुलिस ने सात आरोपियों को चिन्हित किया है, जिनमें से कई को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

बाइक से मिला सुराग
आरोपियों द्वारा मौके पर एक बाइक छोड़ी गई, जिसे पुलिस ने जब्त कर जांच शुरू की। बाइक के इंजन और चेचिस नंबर के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने में पुलिस को अहम सुराग मिले। परिजनों ने भी कुछ आरोपियों के नाम पुलिस को बताए हैं।