सड़क किनारे मिला युवक का गला रेता शव, पुलिस जांच में जुटी

जंगल में युवक की गला रेतकर हत्या से सनसनी फैल गई, पुलिस ने शव बरामद कर जांच शुरू कर दी है। युवक की पहचान नहीं हो सकी है, पुलिस फॉरेंसिक जांच और CCTV के जरिए मामले की तहकीकात में जुटी है।

सड़क किनारे मिला युवक का गला रेता शव, पुलिस जांच में जुटी
google

रिपोर्टर- अमित उपाध्याय

सतना: सती अनुसुइया के जंगल में सड़क किनारे युवक की रक्तरंजित लाश मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर जांच करने पहुंची। जांच में पाया गया कि धारदार हथियार से गला रेत कर युवक की हत्या की गई है। मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। मृतक की पहचान के लिए एमपी के अलावा यूपी के कई जिलों की पुलिस से संपर्क किया गया है।

राहगीरों ने देखी लाश
इस संबंध में चित्रकूट थाना प्रभारी गिरजा शंकर वाजपेयी ने बताया कि सतना-चित्रकूट सड़क मार्ग से तकरीबन दो किमी अंदर सती अनुसुइया मार्ग में सोमवार सुबह 10 बजे के करीब राहगीरों की नजर सड़क किनारे मृत पड़े युवक पर गई। राहगीरों ने सूचना दी कि सती अनुसुइया के जंगल में सड़क किनारे एक युवक की रक्तरंजित लाश पड़ी हुई है।

सूचना मिलते ही एसडीओपी चित्रकूट राजेश बंजारे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मृतक के कपड़ों की तलाशी ली गई लेकिन उसके पास पहचान संबंधी कोई दस्तावेज नहीं मिले। मृतक के गले में धारदार हथियार से वार किए जाने के कारण गहरा घाव है। शव मिलने की जगह पर जमीन पर काफी मात्रा में खून फैला हुआ है, जिससे प्रतीत हो रहा है कि युवक की हत्या लाश मिलने की जगह पर ही की गई है।

हाथ में संजीव नाम का गुदना
चित्रकूट पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। मृतक की उम्र 25 से 30 वर्ष के बीच है। उसके दाएं हाथ में ‘संजीव’ नाम का गुदना गुदा हुआ है और वह क्रीम कलर की शर्ट, नीले रंग का जींस, काले रंग के जूते, चेकदार काले मोजे एवं भूरे रंग का बेल्ट पहने हुए है।

चित्रकूट थाना में अपराध क्रमांक 215/26 धारा 103(1), 238ए के तहत प्रकरण दर्ज कर मृतक की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। मृतक की शिनाख्ती के लिए पम्पलेट छपवाए गए हैं। मृतक की तस्वीर यूपी के चित्रकूट (कर्वी), बांदा, प्रयागराज, प्रतापगढ़ आदि जिलों में भेजी गई है। शव को मरचुरी में रखवाया गया है।

सीसीटीवी की जांच कर रही पुलिस
मृतक कौन है और कहां का रहने वाला है, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। घटना स्थल की जांच कर फॉरेंसिक अधिकारी डॉ. महेंद्र सिंह और एफएसएल टीम ने साक्ष्य संकलन किया। जांच में पाया गया कि हत्या संभवतः वहीं की गई है, ऐसे में प्रतीत हो रहा है कि आरोपी मृतक के परिचित हो सकते हैं। पुलिस यूपी सीमा से लेकर सतना-चित्रकूट सड़क मार्ग और घटना स्थल तक लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है, ताकि मृतक और आरोपियों के बारे में जानकारी मिल सके।