Satna में चाकू की नोक पर हॉकर से लूट करने वाले 24 घंटे में गिरफ्तार

सतना में चाकू की नोक पर हॉकर से 5 हजार रुपये लूटने वाले तीन आरोपी 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार। पुलिस ने नकदी, चाकू और बाइक बरामद की, एक आरोपी नाबालिग है।

Satna में चाकू की नोक पर हॉकर से लूट करने वाले 24 घंटे में गिरफ्तार

Satna में चाकू की नोक पर समाचार पत्र वितरक (हॉकर) से लूट करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों में एक नाबालिग अपचारी भी शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई 5 हजार रुपये की नकदी, वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू और बाइक बरामद की है।

कोलगवां थाना प्रभारी सुदीप सोनी के अनुसार, घूरडांग निवासी नीरज गुप्ता (37) गुरुवार सुबह करीब 4:15 बजे साइकिल से रेलवे स्टेशन अखबार लेने जा रहे थे। जब वह सरस्वती चौराहा स्थित चंचल वस्त्रालय के पास पहुंचे, तभी बाइक पर सवार तीन युवक वहां पहुंचे। आरोप है कि बाइक से उतरे एक युवक ने चाकू दिखाकर नीरज गुप्ता को धमकाया और उनकी जेब से 5 हजार रुपये निकाल लिए। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई।

पीड़ित की शिकायत पर शुक्रवार को कोलगवां थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिरों की मदद से आरोपियों की पहचान की।

जांच के दौरान मिले सीसीटीवी फुटेज के आधार पर शनिवार को पुलिस ने दबिश देकर कृष्णनगर निवासी प्रविन्दर सिंह (32), नई बस्ती वार्ड नंबर 14 निवासी विकास गुप्ता (20) और एक नाबालिग अपचारी को हिरासत में लिया। पूछताछ में तीनों ने हॉकर से लूट की वारदात करना स्वीकार कर लिया।

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने 5 हजार रुपये नकद, वारदात में प्रयुक्त चाकू और बाइक जब्त कर ली। दोनों वयस्क आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया, जबकि नाबालिग अपचारी को बाल न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया।