सतना मामूली कहासुनी के बाद चाकूबाजी, युवक के हमले से सेल्समैन घायल
सतना में एक युवक ने सेल्समैन पर चाकू से हमला कर घायल कर दिया
सतना में एक युवक ने सेल्समैन पर चाकू से हमला कर घायल कर दिया. दरअसल सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के जय स्तम्भ चौक के पास दुबई मेन्स वियर में काम करने वाले एक युवक पर आरोपी ने चाकू से हमला कर दिया. गनीमत रही कि युवक ने सूझबूझ और साहस का परिचय देते हुए खुद का बचाव कर लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया. हालांकि इस दौरान उसके हाथ में चोट आई है.
मामूली कहासुनी के बाद चाकूबाजी
जानकारी के अनुसार, सौरभ गुप्ता दुबई मेन्स वियर दुकान में बतौर सेल्समैन काम करता है. घटना के समय महेंद्र सिंह निवासी रामना टोला, नामक युवक दुकान के सामने अपनी गाड़ी पार्क कर रहा था. सेल्समैन ने उसे दुकान के सामने वाहन खड़ा न करने और गाड़ी हटाने के लिए कहा. इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपी महेंद्र ने गुस्से में चाकू निकाल लिया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी ने सौरभ के पेट पर वार करने की कोशिश की, लेकिन सौरभ ने तत्काल हाथ से चाकू पकड़ लिया, जिससे वार सीधे पेट पर नहीं लगा. इस प्रयास में उसका हाथ जख्मी हो गया.
पुलिस ने किया FIR दर्ज
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव किया और पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी महेंद्र सिंह को हिरासत में ले लिया. घायल सौरभ को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई. पुलिस ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है. मामले की जांच जारी है।
shivendra 
