Satna सेंट्रल जेल का औचक निरीक्षण, कलेक्टर-एसपी ने खुद चखा कैदियों का भोजन

सतना सेंट्रल जेल में कलेक्टर सतीश कुमार एस और एसपी हंसराज सिंह ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के साथ निरीक्षण किया. अधिकारियों ने कैदियों के भोजन का स्वाद चखकर गुणवत्ता की जांच की और बंदियों से बातचीत कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया.

Satna सेंट्रल जेल का औचक निरीक्षण, कलेक्टर-एसपी ने खुद चखा कैदियों का भोजन

सतना की केन्द्रीय जेल में शनिवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण और विजिटर बोर्ड की संयुक्त टीम ने औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान कलेक्टर सतीश कुमार एस और एसपी हंसराज सिंह ने बंदियों को दिए जाने वाले भोजन का स्वाद चखकर उसकी गुणवत्ता की जांच की. अधिकारियों ने भोजन को संतोषजनक बताया.

टीम ने महिला वार्ड, पाकशाला और जेल के अन्य हिस्सों का निरीक्षण किया. इस दौरान सजायाफ्ता और विचाराधीन बंदियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं भी जानी गईं. अधिकारियों ने बंदियों से पूछा कि जेल के भीतर किसी तरह का भेदभाव या परेशानी तो नहीं है. निरीक्षण के दौरान किसी भी बंदी ने ऐसी कोई शिकायत नहीं की.

निरीक्षण में प्रधान जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की अध्यक्ष गीता सोलंकी, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रवीण कुमार सोंधिया, जिला रजिस्ट्रार एवं वरिष्ठ न्यायाधीश पुष्पराज सिंह, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रुपाली सिंह सहित प्रशासन, न्यायपालिका और जेल विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे. अधिकारियों ने जेल की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए.