नरवर किले की ऐतिहासिक तोप चोरी मामले में पुलिस को बड़ी सफलता, दो आरोपी गिरफ्तार
शिवपुरी के नरवर किले से चोरी हुई ऐतिहासिक तोप मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त बोलेरो पिकअप जब्त की है। ऐतिहासिक तोप की तलाश जारी है।
शिवपुरी: मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के प्रसिद्ध नरवर किले से चोरी हुई ऐतिहासिक तोप के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई महिंद्रा बोलेरो पिकअप (RJ34GA2980) जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हालांकि, चोरी गई ऐतिहासिक तोप अभी तक बरामद नहीं हो सकी है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमन कुमार मीणा और टिम्मूराम मीणा, निवासी करौली (राजस्थान) के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों तक पहुंचने के लिए सीसीटीवी फुटेज, टोल प्लाजा के कैमरों और साइबर सेल की मदद ली गई।
इस सनसनीखेज चोरी के खुलासे के लिए पहले 10 हजार का इनाम घोषित किया गया था, जिसे बाद में बढ़ाकर 30 हजार कर दिया गया. जांच के दौरान पुलिस ने घटना में प्रयुक्त करीब 6 लाख रुपये कीमत की महिंद्रा बोलेरो पिकअप भी जब्त कर ली है.
फिलहाल पुलिस चोरी गई ऐतिहासिक तोप की तलाश में जुटी हुई है. मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी और तोप की बरामदगी के लिए राजस्थान में लगातार दबिश दी जा रही है।
नरवर थाना प्रभारी विनय यादव ने बताया कि पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और जल्द ही ऐतिहासिक तोप बरामद करने का प्रयास जारी है।

