सतना में नीला ड्रम कांड, 11 साल के मासूम का शव मिलने से फैली सनसनी

सतना जिले में 11 साल के मासूम का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घर के अंदर गला रेतकर बच्चे की हत्या करने के बाद उसकी लाश को ड्रम में छिपा दिया गया था।

सतना में नीला ड्रम कांड, 11 साल के मासूम का शव मिलने से फैली सनसनी

मध्य प्रदेश के सतना शहर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक 11 साले के मासूम बच्चे की लाश घर के अंदर नीले ड्रम में मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। यह घटना कोलगवा थाना क्षेत्र के सिद्धार्थ नगर बैंक कॉलोनी की है।

घटना के समय घर पर अकेला था बच्चा

मृतक बच्चे का नाम शिवराज उर्फ बादल रजक बताया जा रहा है, जो कक्षा 5वीं का छात्र था। जानकारी के अनुसार, घटना के समय बच्चा घर पर अकेला था। उसके पिता मानसिक रूप से अस्वस्थ बताए जाते हैं और पिछले लगभग दस दिनों से घर से बाहर थे। परिवार में मां आशा रजक, बड़ी बहन सेजल रजक (18 वर्ष) और बड़ा भाई शिवाकांत रजक (14 वर्ष) रहते थे। घटना के दिन मां घर से झाड़ू-पोछा और खाना बनाने के काम पर गई थी, जबकि बड़ा भाई कोरियर सेंटर में पार्ट टाइम काम करने गया था। बड़ी बहन भी काम की तलाश में घर से बाहर थी। इसी दौरान बच्चा घर पर अकेला रह गया।

बंद कमरे में नीले ड्रम से बहता खून, तकिए पर छींटे

जब परिजन वापस घर लौटे तो उन्होंने देखा कि शिवराज घर पर नहीं है और कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों की मदद से कमरे का ताला तोड़ा गया। कमरे की तलाशी के दौरान पुलिस को बिस्तर पर खून के निशान मिले और नीले ड्रम के आसपास भी खून के छींटे पाए गए। जब ड्रम को खोला गया तो उसमें बच्चे की लाश मिली, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

मोहल्ले में रहने वाले एक युवक पर आरोप

पुलिस के अनुसार, बच्चे के गले पर धारदार हथियार से हमला किए जाने के निशान मिले हैं। मौके से एक नीला ड्रम और एक धारदार हथियार भी बरामद किया गया है। परिजनों ने मोहल्ले में रहने वाले एक युवक पर हत्या का आरोप लगाया है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और मामले की गहन छानबीन जारी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है। लेकिन, इस घटना से पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।