रीवा में खुलेआम चल रहा सट्टेबाजी का खेल, महिलाओं ने एसपी से की शिकायत
रीवा के बिछिया थाना क्षेत्र में खुलेआम सट्टेबाजी चलने का आरोप लगाते हुए महिलाओं ने एसपी से शिकायत की है। महिलाओं का कहना है कि आरोपी को स्थानीय पुलिस का संरक्षण मिला हुआ है, जिसके कारण अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
रीवा के बिछिया थाना क्षेत्र के अहिरन टोला में खुलेआम सट्टा खिलाए जाने का मामला सामने आया है। स्थानीय महिलाओं ने आरोप लगाया है कि झल्लू यादव नाम का व्यक्ति इलाके में लंबे समय से सट्टेबाजी का काम कर रहा है और उसे बिछिया थाना पुलिस का संरक्षण प्राप्त है।

बताया जा रहा है कि झल्लू यादव सुबह से शाम तक मोहल्ले में सट्टा खिलवाता है। जब स्थानीय महिलाएं इसका विरोध करती हैं, तो वह उनके साथ अश्लील हरकतें करता है और जान से मारने की धमकी देता है। महिलाओं का कहना है कि इस संबंध में बिछिया थाने में भी शिकायत की गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
इसी बात से नाराज होकर पीड़ित महिलाएं और क्षेत्रवासी पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और पूरे मामले की शिकायत की। उनका कहना है कि झल्लू यादव की सटोरियों से लंबी सेटिंग होने के कारण स्थानीय पुलिस उसके खिलाफ कार्रवाई नहीं करती।

इन दिनों सट्टेबाजी से जुड़ा एक वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें एक शख्स लोगों को खुलेआम सट्टे की पर्ची बनाते और बांटते हुए दिखाई दे रहा है।
इस पूरे मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने कहा है कि शिकायत दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच की जा रही है। साथ ही स्थानीय थाने को भी जांच के निर्देश दिए गए हैं।


