खेल-खेल में चली गोली, 13 वर्षीय नाबालिग के पैर में लगी, अवैध हथियार पर सवाल

रीवा के साईं मंदिर परिसर में खेल-खेल में चली गोली से 13 वर्षीय नाबालिग के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। अवैध हथियार के कारण हुई इस घटना में पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया है, जबकि दूसरे की तलाश जारी है।

खेल-खेल में चली गोली, 13 वर्षीय नाबालिग के पैर में लगी, अवैध हथियार पर सवाल
google

सिटी कोतवाली थाना अंतर्गत रानी तालाब के पास स्थित साईं मंदिर परिसर में उस वक्त हड़कंप मच गया जब पूरे क्षेत्र में गोली चलने की आवाज गूंज उठी। आनन-फानन में चीख सुनकर जब लोग मंदिर पहुंचे तो वहां एक नाबालिग बालक लहूलुहान अवस्था में मिला, जिसे तुरंत उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

गोली नाबालिग के पैर में लगने से उसकी हालत फिलहाल सामान्य बताई जा रही है, लेकिन इस घटना ने एक बड़ा सवाल जरूर खड़ा कर दिया है कि आखिर अवैध हथियार कहां से आ रहे हैं, जो अब नाबालिगों के हाथों तक पहुंच गए हैं।

घटना के संबंध में पुलिस उपाधीक्षक आरती सिंह ने बताया कि बीते 4 जून की शाम करीब 5 बजे साईं मंदिर के पुजारी का बेटा जतिन साकेत और उसका मित्र शिवम कुशवाहा मंदिर में बैठे थे। तभी पीड़ित ऋषि सिंह भी वहां पहुंचा और उनके साथ बैठ गया।

पुलिस के अनुसार शिवम कुशवाहा कट्टा लेकर आया था, जिसे जतिन और ऋषि देख रहे थे। इसी दौरान गोली चल गई, जो ऋषि के पैर में जा लगी। गनीमत रही कि गोली पैर के निचले हिस्से में लगी, जिससे नाबालिग की जान बच गई।

घटना की सूचना के बाद पुलिस ने शिवम को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है, जबकि जतिन की तलाश जारी है।