रीवा में रिहायशी इलाके में पटाखे की दुकानें, हटाने की मांग तेज
रीवा के मैदानी क्षेत्र में रिहायशी इलाके के बीच संचालित पटाखे की दुकानों को हटाने की मांग तेज हो गई है।
रीवा के मैदानी क्षेत्र में रिहायशी इलाके के बीच पटाखे की दुकान संचालित हो रही है। यह दुकान घरों के बीच खोली गई है, जिसे हटाने को लेकर अब मांग तेज हो गई है। लोगों का कहना है कि रिहायशी इलाके में दुकान होने की वजह से कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।

जानकारी के अनुसार, मैदानी क्षेत्र में आबादी के बीच करीब चार से पांच पटाखा दुकानें संचालित हो रही हैं। इन दुकानों के आसपास घनी बस्ती और कई मकान बने हुए हैं। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी करते हुए पटाखों का भंडारण किया जा रहा है, जिससे आगजनी या विस्फोट जैसी घटना की आशंका बनी हुई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि चारों तरफ घर होने के कारण बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा खतरे में है। यदि कोई हादसा होता है तो बड़ी जनहानि हो सकती है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि पटाखा दुकानों को रिहायशी क्षेत्र से हटाकर शहर से बाहर किसी सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया जाए।

बताया जा रहा है कि ग्राम सचिव ने भी इन दुकानों के संचालन पर आपत्ति जताई है और सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त की है। क्षेत्रीय सचिव का कहना है कि रिहायशी इलाके में इस तरह पटाखा दुकान संचालित होना उचित नहीं है और सुरक्षा के मद्देनज़र इन्हें अन्य स्थान पर स्थानांतरित किया जाना चाहिए।

फिलहाल क्षेत्र के लोग दहशत में हैं और किसी भी अनहोनी की आशंका जता रहे हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और लोगों की सुरक्षा के लिए क्या निर्णय लिया जाता है।

