रीवा बाल संप्रेषण गृह से 6 बच्चे फरार, बाथरूम की खिड़की का कांच तोड़कर हुए फरार, पुलिस अलर्ट
रीवा के बाल संप्रेषण गृह से 6 बच्चे बाथरूम की खिड़की का कांच तोड़कर फरार हो गए. पुलिस और प्रशासन बच्चों की तलाश में जुटा, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल.
रीवा। मध्य प्रदेश के रीवा जिले में स्थित बाल संप्रेषण गृह से मंगलवार सुबह 6 बच्चे फरार हो गए.घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमला सक्रिय हो गया और फरार बच्चों की तलाश शुरू कर दी गई है. शुरूआती जांच में सामने आया है कि बच्चों ने बाथरूम की खिड़की का कांच तोड़कर भागे हैं.
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 7 बजे बाल संप्रेषण गृह में मौजूद बच्चों की गिनती के दौरान 6 बच्चे गायब पाए गए. इसके बाद कर्मचारियों ने परिसर की जांच की, जहां बाथरूम की खिड़की का कांच टूटा हुआ मिला. आशंका जताई जा रही है कि सभी बच्चे इसी रास्ते से फरार हुए हैं.
पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं
बाल संप्रेषण गृह से बच्चों के फरार होने की यह पहली घटना नहीं है. इससे पहले भी कई बार यहां से बच्चे भाग चुके हैं. लगातार सामने आ रही घटनाओं के बावजूद सुरक्षा व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं होने से संस्थान की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े हो रहे हैं.
बताया जा रहा है कि फरार हुए सभी बच्चों को अलग-अलग मामलों में यहां रखा गया था. इनमें चोरी और हत्या के प्रयास (हाफ मर्डर) जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं. बच्चों के सुधार और पुनर्वास के उद्देश्य से उन्हें बाल संप्रेषण गृह में रखा गया था.
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना के बाद बाल संप्रेषण गृह की सुरक्षा व्यवस्था एक बार फिर चर्चा में आ गई है. विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसे संस्थानों का मुख्य उद्देश्य बच्चों को सुधारकर समाज की मुख्यधारा से जोड़ना होता है, लेकिन बार-बार हो रही फरारी की घटनाएं व्यवस्थागत कमियों की ओर संकेत कर रही हैं.
फरार बच्चों की तलाश में जुटी पुलिस
सूचना मिलते ही पुलिस ने जिले के विभिन्न संभावित ठिकानों पर तलाश शुरू कर दी है. आसपास के क्षेत्रों में भी बच्चों की जानकारी प्रसारित की गई है और पुलिस टीमों को अलर्ट मोड पर रखा गया है.
समान थाना प्रभारी विजय सिंह ने बताया कि सुबह सूचना मिली थी कि बाल संप्रेषण गृह से 6 बच्चे बाथरूम की खिड़की का कांच तोड़कर भाग गए हैं. सूचना मिलते ही पुलिस टीमों को उनकी तलाश में लगा दिया गया है। बच्चों की खोजबीन लगातार जारी है और जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा.
shivendra 
