रणवीर सिंह ने छोड़ी फरहान अख्तर की ‘डॉन 3’; 10 करोड़ का साइनिंग अमाउंट भी लौटाया
रणवीर सिंह और मेकर्स के बीच विवाद इतना बढ़ गया था कि मामला सुलझाना बहुत मुश्किल हो गया था। हालांकि, इस पर अभी तक दोनों पक्षों ने आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
रणवीर सिंह ने फरहान अख्तर की फिल्म ‘डॉन 3’ को करने से मना कर दिया है। फिल्म ‘डॉन 3’ को लेकर चल रहा विवाद अब एक नए मोड़ पर पहुंच गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, रणवीर सिंह ने आधिकारिक तौर पर इस फिल्म के लिए ना कर दी है और इसके साथ ही उन्होंने 10 करोड़ रुपये का साइनिंग अमाउंट भी मेकर्स को लौटा दिया है।
साइनिंग अमाउंट वापस कर खत्म किया विवाद
रिपोर्ट्स के अनुसार, रणवीर सिंह और मेकर्स के बीच विवाद इतना बढ़ गया था कि मामला सुलझाना बहुत मुश्किल हो गया था। बताया जा रहा है कि एक्टर ने न सिर्फ साइनिंग अमाउंट लौटाया है, बल्कि भविष्य में अपनी किसी फिल्म में एक्सेल एंटरटेनमेंट को प्रॉफिट में हिस्सेदारी देने का आश्वासन भी दिया है। हालांकि, इस पर अभी तक दोनों पक्षों ने आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

जानें क्या है वाद का कारण?
फिल्म के निर्देशक फरहान अख्तर ने करीब तीन साल पहले इस प्रोजेक्ट की शुरुआत रणवीर सिंह के साथ की थी। शुरुआत में कियारा आडवाणी भी फिल्म का हिस्सा थीं, लेकिन उन्होंने मैटरनिटी ब्रेक के चलते फिल्म छोड़ दी। फिल्म लगातार प्री-प्रोडक्शन में अटकी रही और इसी दौरान रणवीर अन्य प्रोजेक्ट्स में व्यस्त हो गए।
बाद में खबरें आईं कि मेकर्स और रणवीर के बीच “क्रिएटिव डिफरेंस” और कुछ मांगों को लेकर विवाद हुआ। मामला इतना बढ़ गया कि यह फिल्म प्रोड्यूसर्स गिल्ड तक पहुंच गया। आमिर खान ने इस विवाद को सुलझाने की कोशिश भी की, लेकिन दोनों पक्षों के बीच सहमति नहीं बन सकी।

रणवीर ने खुद छोड़ी फिल्म?
जहां कुछ रिपोर्ट्स में कहा गया कि रणवीर को फिल्म से निकाला गया, वहीं दूसरी ओर यह भी दावा किया गया कि एक्टर ने खुद “क्रिएटिव डिफरेंस” के चलते फिल्म छोड़ी है। साइनिंग अमाउंट लौटाने की खबर इस बात की ओर इशारा करती है कि फैसला रणवीर की ओर से लिया गया होगा।

शाहरुख खान की वापसी की चर्चा
इसी बीच खबरें यह भी हैं कि शाहरुख खान एक बार फिर ‘डॉन’ फ्रेंचाइजी में दिख सकते हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, फरहान अख्तर उनकी वापसी को लेकर बातचीत कर रहे हैं। कहा जा रहा है कि शाहरुख खान की इच्छा है कि फिल्म का निर्देशन एटली करें। दोनों पहले ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘जवान’ में साथ काम कर चुके हैं।

