राहुल गांधी ने ऑटो ड्राइवर्स संग जमीन पर बैठकर खाया खाना, बोले- संसद में उठाएंगे मुद्दे

Rahul Gandhi दिल्ली के बंगाली मार्केट स्थित टोडरमल पार्क में ऑटो ड्राइवर्स के बीच पहुंचे, जहां उन्होंने उनके साथ जमीन पर बैठकर खाना खाया और बातचीत की। राहुल गांधी ऑटो ड्राइवर्स की यूनिफॉर्म पहने भी नजर आए। इस दौरान उन्होंने ऑटो चालकों की कमाई, महंगाई, बढ़ते खर्च और कामकाजी परेशानियों को सुना।

राहुल गांधी ने ऑटो ड्राइवर्स संग जमीन पर बैठकर खाया खाना, बोले- संसद में उठाएंगे मुद्दे

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी का एक बार फिर आम जनता के बीच पहुंचने का अनोखा अंदाज देखने को मिला है। शुक्रवार को राहुल गांधी दिल्ली के बंगाली मार्केट स्थित टोडरमल पार्क में ऑटोरिक्शा ड्राइवरों के बीच पहुंचे। इस दौरान उन्होंने न सिर्फ ड्राइवरों की खाकी यूनिफॉर्म पहनी, बल्कि जमीन पर बैठकर उनके साथ सादा खाना भी खाया। सोशल मीडिया पर इस मुलाकात की तस्वीरें और वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं।



अचानक पहुंचे राहुल, ऑटो की सवारी भी की..
पार्क में जब ऑटो ड्राइवर दोपहर का खाना खा रहे थे, तभी राहुल गांधी अचानक वहां पहुंच गए। राहुल को अपने बीच देखकर ड्राइवर हैरान भी हुए और खुश भी। राहुल गांधी ने ड्राइवरों से घुलने-मिलने में देर नहीं लगाई। वे तुरंत जमीन पर बैठ गए, ऑटो ड्राइवरों की तरह खाकी शर्ट (यूनिफॉर्म) पहनी और उनके साथ पूड़ी-सब्जी, दाल और रोटी का आनंद लिया। इसके बाद राहुल गांधी ने दिल्ली की सड़कों पर ऑटो की सवारी भी की।जब हम खाना खा रहे थे, तभी राहुल जी अचानक हमारे पास आ गए। हमें बहुत अच्छा लगा। उन्होंने हमसे सादा भोजन साझा किया और हमारी समस्याओं को बहुत ध्यान से सुना।– रमेश प्रसाद (ऑटो ड्राइवर)



बढ़ती महंगाई और CNG के दामों पर हुई चर्चा..
लगभग आधे घंटे चली इस बातचीत में राहुल गांधी ने ऑटो ड्राइवरों की रोजमर्रा की चुनौतियों को समझा। ड्राइवरों ने राहुल गांधी के सामने अपने दिल की बात रखी:

  1. मंदा काम और कम कमाई: ड्राइवरों ने बताया कि बाजार में काम बहुत धीमा चल रहा है, जिससे घर चलाना मुश्किल हो रहा है।
  2. गैस (CNG) की बढ़ती कीमतें: ऑटो ड्राइवर अरिंदर कुमार शाह ने बताया कि गैस की बढ़ती कीमतों और महंगाई के बोझ ने उनका बजट बिगाड़ दिया है।
  3. बच्चों की पढ़ाई का खर्च: राहुल गांधी ने विशेष रूप से ड्राइवरों से पूछा कि वे इस कम कमाई में अपने बच्चों की शिक्षा और परिवार के खाने-पीने का खर्च कैसे मैनेज करते हैं।

'संसद में गूंजेगी ऑटो ड्राइवरों की आवाज'..
मुलाकात के बाद ऑटो ड्राइवरों ने बताया कि राहुल गांधी ने उन्हें हर संभव मदद का भरोसा दिया है। राहुल गांधी ने चालकों से वादा किया कि वे उनके बीमा (Insurace), सामाजिक सुरक्षा और बढ़ती महंगाई से जुड़े इन मुद्दों को सीधे संसद में उठाएंगे और सरकार के सामने उनकी मांगें रखेंगे।