पीथमपुर: भोपाल गैस कांड का जहरीला कचरा जलाने वाली रामकी एनवायरो कंपनी में तीन जोरदार धमाके

पीथमपुर की रामकी एनवायरो कंपनी में तीन जोरदार धमाके हुए, जिनकी आवाज एक किलोमीटर दूर तक गूंजी। घटना से आसपास के गांवों में दहशत फैल गई, हालांकि अभी तक किसी जनहानि की खबर नहीं है।

पीथमपुर: भोपाल गैस कांड का जहरीला कचरा जलाने वाली रामकी एनवायरो कंपनी में तीन जोरदार धमाके

मंगलवार को पीथमपुर औद्योगिक क्षेत्र के सेक्टर-2 में स्थित रामकी एनवायरो कंपनी में एक के बाद एक तीन तेज धमाके हो गए। धमाकों की गूंज आसपास के इलाके में करीब एक किलोमीटर दूर तक सुनाई दी, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। धमाकों की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि कंपनी के पास स्थित तारपुरा और बजरंगपुरा गांवों के घरों में झटके महसूस किए गए। ग्रामीणों ने बताया कि धमाकों के कारण उनके घरों में रखे बर्तन, टेलीविजन और अन्य सामान स्टैंड से नीचे गिर पड़े।

कोई हताहत नहीं:
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस हादसे में किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है। कंपनी प्रबंधन ने भी किसी प्रकार की जनहानि से इनकार किया है।

सीएसपी रवि सोनेर ने बताया, हम घटनास्थल की जांच कर रहे हैं। फिलहाल किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। स्थिति नियंत्रण में है और धमाके के कारणों का पता लगाया जा रहा है। थाना प्रभारी ओम प्रकाश अहीर ने भी कहा कि पुलिस मौके पर पहुंची है और पूरे मामले की जांच जारी है।

भोपाल गैस कांड से जुड़ी विवादित कंपनी:
रामकी एनवायरो कंपनी का नाम पहले भी विवादों में रहा है। पिछले साल यह कंपनी भोपाल गैस कांड के जहरीले कचरे को नष्ट (इंसिनरेट) करने के लिए चर्चा में आई थी। देशभर में इस कचरे के निपटान को लेकर काफी बहस हुई थी। अब इसी कंपनी में हुए तीन धमाकों ने एक बार फिर औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


जांच जारी:
पुलिस और तकनीकी विशेषज्ञों की टीम कंपनी के अंदर धमाके के असली कारणों की पड़ताल कर रही है। कंपनी प्रबंधन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।