मऊगंज में पुरानी रंजिश ने ली 55 वर्षीय अधेड़ की जान, ढाबा गौतमान गांव में बवाल
मऊगंज जिले में एक बार फिर हुआ गड़रा कांड जैसा बवाल। पुरानी रंजिश के चलते हुए खूनी संघर्ष में अधेड़ की हत्या।
मऊगंज। जिले के हनुमना थाना क्षेत्र अंतर्गत ढाबा गौतमान गांव में पुरानी रंजिश और कथित प्रेम प्रसंग को लेकर एक बार फिर हिंसक घटना सामने आई है। जानकारी के अनुसार, 55 वर्षीय रघुवीर पटेल की इस हिंसा में मौत हो गई, जबकि परिवार और अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही पूरा गांव तनावग्रस्त हो गया। लोगों ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर बवाल मचाया और क्षेत्र में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। मऊगंज एसडीओ सचि पाठक समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचकर हालात को काबू करने में जुटे।
जानें क्या है पूरा घटनाक्रम
जानकारी के अनुसार, यह पूरा विवाद लगभग दो साल पुराना है। ढाबा गौतमान गांव निवासी रघुवीर पटेल के बेटे पूरन लाल पटेल का गांव में ही एक युवती से कथित प्रेम प्रसंग बताया जा रहा था। बाद में यह मामला पुलिस थाने तक पहुंचा, जहां युवती के बयान के आधार पर पूरन लाल पटेल पर मामला दर्ज किया गया। कुछ समय बाद न्यायालय ने उन्हें बरी कर दिया था।
बताया जा रहा है कि पुराने विवाद को लेकर आरोपियों ने पटेल परिवार के खिलाफ होली के दिन हमला करने की योजना बनाई। 4 मार्च को, जब पूरे गांव में होली की रंगों से खुशियाँ मनाई जा रही थीं, साकेत परिवार के लगभग डेढ़ दर्जन लोग पूरन लाल पटेल के पास आए और पहले उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी।
रघुवीर पटेल बीच-बचाव के लिए पहुंचे, लेकिन आरोपियों ने उन्हें भी जमकर पीटा और सिर पर पत्थर से वार किया। इसके परिणामस्वरूप रघुवीर पटेल गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना में उनके बेटे पूरन लाल, पत्नी और संदीप पटेल भी घायल हुए। वहीं, हमले में साकेत परिवार के आधा दर्जन लोग भी घायल हुए, जिनका इलाज अस्पताल में जारी है।
घटना के बाद कैसा है माहौल
रघुवीर पटेल की उपचार के दौरान मौत हो गई। उनके शव का पोस्टमार्टम 5 मार्च को कराया गया, लेकिन गांव वालों ने अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया और बवाल कर दिया। इसके बाद पूरा गांव पुलिस छावनी में बदल गया।
एसडीओ सचि पाठक और अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचकर आक्रोशित लोगों को समझाइश दे रहे हैं। मृतक के अंतिम संस्कार के लिए परिजन तैयार हैं, लेकिन अभी भी क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है।
एसडीओ मऊगंज, सचि पाठक ने कहा, हमने गांव में पर्याप्त पुलिस बल तैनात कर दिया है। शांतिपूर्ण ढंग से हालात को नियंत्रित करने के प्रयास जारी हैं। किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और पुलिस से सहयोग करें।
Varsha Shrivastava 
