मैहर में खाकी पर चढ़ा फागुनी रंग: इमली का बूटा, मीठे बेर... पर जमकर थिरके पुलिसकर्मी, उड़े रंग-गुलाल

मैहर पुलिस ने अपने ड्यूटी मोड से निकलकर होली पर अलग अंदाज दिखाया। खाकी वर्दी में सख्त नजर आने वाले पुलिसकर्मी गुरुवार को अपने रक्षित केंद्र (पुलिस लाइन) में जमकर रंगों के साथ होली खेलते दिखे।

मैहर में खाकी पर चढ़ा फागुनी रंग: इमली का बूटा, मीठे बेर... पर जमकर थिरके पुलिसकर्मी, उड़े रंग-गुलाल

मैहर। आमजन की सुरक्षा के लिए होलिका दहन से लेकर रंगोत्सव तक पूरी मुस्तैदी से अपनी ड्यूटी निभाने वाले मैहर पुलिस के जवानों ने फुर्सत मिलते ही गुरुवार को जमकर होली खेली है। शहरवासियों को शांतिपूर्ण तरीके से त्योहार संपन्न कराने के बाद, मैहर के रक्षित निरीक्षक कार्यालय में पुलिस महकमे द्वारा एक शानदार होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया, जहां सख्त नजर आने वाली खाकी वर्दी रंगों के जश्न में सराबोर नजर आई।

ड्यूटी के बाद दिखा पुलिस का अलग अंदाज

होलिका दहन और धुलेंडी के दिन मैहर पुलिस अपने उत्तरदायित्वों का निर्वहन करते हुए शहर के चप्पे-चप्पे पर तैनात थी। ड्यूटी पूरी होने और छुट्टी मिलते ही पुलिसकर्मियों का एक अलग ही उत्साह देखने को मिला। गुरुवार सुबह 9:30 बजे से रक्षित केंद्र (पुलिस लाइन) में शुरू हुआ होली का यह जश्न दोपहर 12 बजे तक पूरे शबाब पर रहा। इस दौरान हवा में जमकर रंग और गुलाल उड़ाए गए।

डीजे की धुन और 'इमली का बूटा...' पर डांस

होली के इस खुशनुमा माहौल में डीजे की धुनों ने पुलिसकर्मियों की सारी थकान मिटा दी। जवानों ने एक-दूसरे को रंग लगाकर बधाइयां दीं और बॉलीवुड के गानों पर जमकर थिरके। खासकर मशहूर गीत इमली का बूटा, मीठे बेर, चल घर जल्दी हो गई देर... की धुन पर पुलिसकर्मियों का डांस बेहद शानदार रहा, जिसने पूरे माहौल को उत्साह से भर दिया।

अधिकारियों और जवानों ने मिलकर मनाई होली

इस होली मिलन समारोह की सबसे खास बात अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच का आत्मीय माहौल रहा। कार्यक्रम में मुख्य रूप से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  डॉ. चंचल नागर, नगर पुलिस अधीक्षक महेंद्र सिंह चौहान, मैहर कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक अनिमेष द्विवेदी सहित जिले के अन्य थाना प्रभारियों और पुलिसकर्मियों ने अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। सभी ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और इस अनुशासित मस्ती के बीच भाईचारे का संदेश दिया।