Mauganj: विश्व युवा कौशल दिवस पर नईगढ़ी विद्यालय में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
Mauganj के शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नईगढ़ी में विश्व युवा कौशल दिवस पर मेहंदी, रंगोली, मॉडल निर्माण और नाटक प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ. विद्यार्थियों को कौशल विकास और रोजगार के अवसरों की जानकारी दी गई.
राजेंद्र पयासी, मऊगंज
मऊगंज. विश्व युवा कौशल दिवस के अवसर पर शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, नईगढ़ी में विद्यार्थियों की प्रतिभा और कौशल को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में 60 से 70 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी रचनात्मक क्षमता का प्रदर्शन किया.
कार्यक्रम के दौरान मेहंदी, रंगोली, चार्ट निर्माण, मॉडल निर्माण और नाटक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया. विद्यार्थियों ने विभिन्न गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी कला व कौशल से सभी का ध्यान आकर्षित किया. उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को अतिथियों द्वारा पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया.
कौशल के बिना सफलता अधूरी: प्राचार्य
विद्यालय के प्राचार्य आर. एस. साकेत ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में केवल पुस्तकीय ज्ञान पर्याप्त नहीं है. बदलते दौर में सफलता के लिए व्यावहारिक कौशल भी उतना ही आवश्यक है. उन्होंने विद्यार्थियों से अपने हुनर को पहचानने, नई तकनीकों को सीखने और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया.

व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की दी जानकारी
कार्यक्रम में वोकेशनल नोडल सुभाष चंद्र पटेल तथा व्यावसायिक प्रशिक्षिकाएं आराधना सिंह और शिखा सिंह ने विद्यार्थियों को विद्यालय में संचालित हेल्थ केयर तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एंड हार्डवेयर ट्रेड की विस्तृत जानकारी दी.
उन्होंने बताया कि इन व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों के लिए अस्पताल, डायग्नोस्टिक सेंटर, होम हेल्थ केयर, मोबाइल रिपेयरिंग, कंप्यूटर हार्डवेयर और अन्य तकनीकी क्षेत्रों में रोजगार तथा स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध हो सकते हैं.

विद्यालय परिवार रहा मौजूद
कार्यक्रम में व्याख्याता हनुमान प्रसाद कुशवाहा, बिहारी लाल साकेत, संतोष कुमार मिश्रा सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा. कार्यक्रम का संचालन आराधना सिंह और शिखा सिंह ने किया. आयोजन के अंत में विद्यार्थियों को कौशल विकास के महत्व से अवगत कराया गया और भविष्य में भी इस तरह की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया.
Anubhav Dubey 
