मऊगंज: पुरानी रंजिश में दो पक्षों की महिलाओं के बीच लाठी-डंडे चले, चार घायल, एक रीवा रेफर
मऊगंज जिले के नईगढ़ी कस्बे में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों की महिलाओं के बीच लाठी-डंडों से मारपीट हुई। घटना में चार लोग घायल हुए, जिनमें एक महिला को गंभीर हालत में रीवा रेफर किया गया।
मऊगंज, नईगढ़ी | राजेंद्र पयासी
मऊगंज जिले के नईगढ़ी कस्बे में पुरानी रंजिश को लेकर एक ही परिवार के दो पक्षों के बीच विवाद एक बार फिर हिंसक हो गया। शनिवार सुबह हुई कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई, जहां दोनों पक्षों की महिलाओं ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। घटना में चार लोग घायल हुए हैं, जिनमें एक महिला की हालत गंभीर होने पर उसे रीवा रेफर किया गया है।
लंबे समय से चला आ रहा था विवाद
जानकारी के अनुसार, नईगढ़ी निवासी बसोर परिवार के दो पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है। बताया जा रहा है कि तीन दिन पहले दोनों पक्षों के बीच हुए विवाद में एक युवक पर चाकू से हमला किया गया था। उसी घटना की रंजिश को लेकर शनिवार सुबह फिर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।

विवाद के दौरान हुई मारपीट में एक पक्ष से सिंदू बसोर (26 वर्ष) पति छोटू बसोर और मंजुला बसोर (22 वर्ष) पति रामबाबू बसोर घायल हो गईं। वहीं दूसरे पक्ष से यशोदा बसोर (19 वर्ष) पिता छोटेलाल बसोर तथा सोनू बसोर (26 वर्ष) पति रामराज बसोर को चोटें आई हैं।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नईगढ़ी भेजा गया। चिकित्सकों ने गंभीर रूप से घायल सिंदू बसोर की प्राथमिक चिकित्सा के बाद उसे संजय गांधी अस्पताल, रीवा रेफर कर दिया। अन्य घायलों का उपचार स्थानीय अस्पताल में जारी है और उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है।घटना के बाद दोनों पक्षों ने नईगढ़ी थाने में एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने दोनों पक्षों पर मारपीट का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
shivendra 
