मऊगंज जनसुनवाई में दिव्यांग को मिली ट्राई साइकिल, कलेक्टर ने तुरंत दिलाई राहत

मऊगंज कलेक्ट्रेट में आयोजित जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर संजय कुमार जैन ने दिव्यांग वीरेंद्र कुमार शर्मा की समस्या सुनकर मौके पर ही ट्राई साइकिल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

मऊगंज जनसुनवाई में दिव्यांग को मिली ट्राई साइकिल, कलेक्टर ने तुरंत दिलाई राहत

मऊगंज। राजेंद्र पयासी

मऊगंज कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई एक दिव्यांग व्यक्ति के लिए राहत लेकर आई। कलेक्टर संजय कुमार जैन ने दिव्यांगजन की समस्या को गंभीरता से सुना और तत्काल संबंधित अधिकारियों को सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके बाद जनसुनवाई स्थल पर ही दिव्यांग व्यक्ति को ट्राई साइकिल प्रदान की गई।

जनसुनवाई में नईगढ़ी विकासखंड के ग्राम शिवराजपुर निवासी वीरेंद्र कुमार शर्मा, पिता श्याम सुंदर शर्मा, अपनी समस्या लेकर पहुंचे थे। शारीरिक दिव्यांगता के कारण उन्हें रोजमर्रा के कार्यों और आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। उन्होंने कलेक्टर के सामने अपनी समस्या रखते हुए सहायक उपकरण उपलब्ध कराने की मांग की।

वीरेंद्र कुमार शर्मा की समस्या सुनने के बाद कलेक्टर संजय कुमार जैन ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल ट्राई साइकिल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने भी बिना देरी किए कार्रवाई की और मौके पर ही उन्हें ट्राई साइकिल सौंप दी।

ट्राई साइकिल मिलने के बाद वीरेंद्र कुमार ने कलेक्टर और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस सहायता से अब उनके आवागमन की समस्या काफी हद तक कम होगी और उन्हें अपने दैनिक कार्य करने में सहूलियत मिलेगी।

जनसुनवाई में मौजूद अन्य लोगों ने भी प्रशासन की त्वरित कार्रवाई की सराहना की। कलेक्टर संजय कुमार जैन ने कहा कि शासन की मंशा है कि कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति सहायता से वंचित न रहे और जनसुनवाई में आने वाली समस्याओं का समय पर समाधान किया जाए।