मऊगंज में लाखों की चोरी, घर से सोने-चांदी के जेवर और नकदी लेकर फरार हुए बदमाश

नईगढ़ी थाना क्षेत्र के हर्दी तिवरियान गांव में बदमाशों ने घर में घुसकर लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी कर ली। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात चोरों की तलाश शुरू कर दी है।

मऊगंज में लाखों की चोरी, घर से सोने-चांदी के जेवर और नकदी लेकर फरार हुए बदमाश

रिपोर्टर: राजेंद्र पयासी

जिले के थाना क्षेत्रों में चोरियों का दौर रुकने का नाम नहीं ले रहा है। बीते एक वर्ष के अंतराल में सैकड़ों छोटी-बड़ी चोरियों का खुलासा करने में पुलिस नाकामयाब रही है, जिसके कारण पूरे क्षेत्र में चोरों का आतंक फैला हुआ है। आलम यह है कि गत दिनों हुई चोरियों में से किसी एक का भी आज तक पर्दाफाश न होने के कारण चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि आए दिन वारदात को अंजाम दे रहे हैं।

पुलिस से बेखौफ बदमाशों ने जिले के नईगढ़ी थाना क्षेत्र के हर्दी तिवरियान गांव निवासी सुशील कुमार मिश्रा पिता शिवशरण मिश्रा के घर में शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात घर के दरवाजे के पास वगली लगाकर अंदर घुस गए और कमरे में रखा सूटकेस व संदूक उठा ले गए, जिसे कुछ दूर खेत में ले जाकर तोड़फोड़ कर उसमें रखा सोने का मंगलसूत्र, आधा किलोग्राम चांदी के जेवरात एवं 80 हजार रुपये नगदी सहित करीब 3 लाख रुपये से अधिक कीमत के जेवरात और नकदी चोरी कर ले गए।

पीड़ित परिवार के अनुसार घटना की जानकारी होते ही शनिवार सुबह नईगढ़ी थाना पुलिस को सूचना दी गई। पीड़ित की शिकायत पर नईगढ़ी थाना पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।