मऊगंज में कांग्रेस ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, 7 सूत्रीय मांगों पर कार्रवाई की मांग
जिले की ज्वलंत समस्याओं को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी मऊगंज ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में सड़क दुर्घटनाओं से लेकर पेयजल संकट तक 7 प्रमुख मुद्दों पर तत्काल समाधान की मांग की गई है।
रिपोर्टर: राजेंद्र पयासी मऊगंज
कांग्रेस नेताओं ने बताया कि नेशनल हाईवे 135 पर बरांव चौराहा और हनुमना मोटवा पहाड़ी चौराहे पर आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। जनहानि रोकने के लिए दोनों स्थानों पर ओवरब्रिज निर्माण की मांग की गई।
ज्ञापन में कहा गया कि वर्ष 2025-26 के 15वें वित्त आयोग की राशि का जिले स्तर पर अनुमोदन न होने से हनुमना, मऊगंज और नईगढ़ी जनपद पंचायत में निर्माण कार्य ठप हैं। साथ ही जनपद हनुमना में स्वीकृत कार्यों में भी विलंब हो रहा है। कांग्रेस ने राशि के तत्काल अनुमोदन और हनुमना में पूर्णकालिक सीईओ की पदस्थापना की मांग की।

नगर परिषद मऊगंज और हनुमना में हर साल बरसात में जलभराव की समस्या पर भी ध्यान दिलाया गया। बरसात से पहले पानी निकासी की पुख्ता व्यवस्था करने की मांग की गई।
मऊगंज नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 11 में हरिजन-आदिवासी परिवारों के पुनर्वास का मुद्दा भी उठाया गया। ज्ञापन के अनुसार पीड़ित परिवारों को अलग-अलग जगह भूमि आवंटित होने से दिक्कत हो रही है। पुराने मकानों का मूल्यांकन न होने और टैंकर से पानी की सप्लाई बंद होने से भी लोग परेशान हैं। कांग्रेस ने एक ही स्थान पर भूमि आवंटन, उचित मुआवजा और पानी की सप्लाई शुरू करने की मांग की।
जिला कांग्रेस कमेटी मऊगंज के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन के माध्यम से कहा गया कि नगर परिषद मऊगंज में भूमिहीनों की आवास सूची का अनुमोदन न होने से उन्हें राशि नहीं मिल पा रही है। उपयंत्री का पद खाली होने से विकास कार्य भी रुके हैं। सूची के अनुमोदन और उपयंत्री की पदस्थापना की मांग की गई।

अवैध शराब की पैकारी पर जताई चिंता
कलेक्टर मऊगंज को ज्ञापन सौंपकर कांग्रेस ने जिले के गांवों में अवैध शराब की पैकारी पर भी चिंता जताई। वहीं आरोप लगाया कि पुलिस-प्रशासन इस पर गंभीर नहीं है। मामले को संज्ञान में लेकर कार्रवाई की मांग की गई।
बिजली व्यवस्था को लेकर बताया कि हरई मुड़हान, हरई गुजरन, निबिहा, उमरी माधव सहित कई गांवों में ट्रांसफार्मर खराब हैं और केबल जली हुई हैं। बरसात से पहले मेंटेनेंस न होने से बारिश में बिजली बाधित रहती है। निर्बाध आपूर्ति के लिए मेंटेनेंस कार्य पूरा कराने की मांग की गई।
कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिले की ज्वलंत समस्याओं को लेकर कलेक्टर मऊगंज को ज्ञापन सौंपने के दौरान मुख्य रूप से मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं पूर्व विधायक सुखेंद्र सिंह बन्ना, जिला अध्यक्ष हरिलाल कोल, वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पार्षद विश्वनाथ मिश्र, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मऊगंज के अध्यक्ष मृत्युंजय चतुर्वेदी सहित कई कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Tags:
- Mauganj Congress
- Collector Memorandum
- Public Issues Mauganj
- NH 135 Overbridge Demand
- Illegal Liquor Mauganj
- Water Crisis
- Drainage Problem
- Electricity Supply Issue
- Hanumana
- Naigarhi
- Sukhendra Singh Banna
- Madhya Pradesh Congress
- Mauganj News
- Rewa Division
- Local Administration
- Civic Issues
- Congress Protest
- Development Works
- 15th Finance Commission
- Rural Infrastructure

