मऊगंज रक्तदान महाअभियान : विश्व बंधुत्व दिवस पर महादान, एक बूंद रक्त से जगी सैकड़ों उम्मीदें

Mauganj Blood Donation : सिविल हॉस्पिटल मऊगंज में सेवा का संगम, डॉक्टर से पुलिस तक सबने किया रक्तदान, दिया विश्व बंधुत्व का संदेश

मऊगंज रक्तदान महाअभियान : विश्व बंधुत्व दिवस पर महादान, एक बूंद रक्त से जगी सैकड़ों उम्मीदें

रिपोर्टर राजेंद्र पयासी @ मऊगंज। विश्व बंधुत्व दिवस एवं ब्रह्माकुमारीज संस्था की पूर्व मुख्य प्रशासिका राजयोगिनी दादी प्रकाशमणि जी की 19वीं स्मृति दिवस के पावन अवसर पर सिविल हॉस्पिटल मऊगंज में विशाल रक्तदान महाअभियान 2026 का आयोजन किया गया।

 प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में चले इस अभियान में जिले भर से आए युवाओं, डॉक्टरों, पुलिसकर्मियों और समाजसेवियों ने बढ़-चढ़कर रक्तदान किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विश्व बंधुत्व और मानव सेवा के संकल्प के साथ हुआ। राजयोगिनी दादी प्रकाशमणि जी का संपूर्ण जीवन विश्व शांति, प्रेम, पवित्रता और आध्यात्मिक जागृति के लिए समर्पित था।

उन्होंने संपूर्ण मानव समाज को एक परिवार मानने की प्रेरणा दी। उनकी स्मृति में आयोजित यह रक्तदान शिविर उनके मानवतावादी विचारों को सच्ची श्रद्धांजलि बना।

चिकित्सा टीम की रही बड़ी भूमिका

अभियान को सफल बनाने में चिकित्सकीय टीम की अहम भूमिका रही। जिला अस्पताल मऊगंज से डॉ. पुष्पेंद्र मिश्रा, डॉ. रवि प्रताप सिंह, डॉ. कुमुद पाठक, डॉ. रूबी श्रीवास्तव, डॉ. रामनिवास तिवारी सहित समस्त स्टाफ मौजूद रहा।

वहीं जिला चिकित्सालय रीवा से डॉ. फरहान खान, डॉ. अखिलेश, लवकेश गौरी, वैष्णवी गुप्ता और उनकी टीम ने तकनीकी सहयोग प्रदान किया।

मानव सेवा की इस मुहिम में पुलिस विभाग ने भी मिसाल पेश की। पुलिसकर्मी सोनू सिंह, शिव प्रसाद, अनिल श्रीवास्तव, ऋतिक मिश्रा ने स्वयं रक्तदान कर लोगों को प्रेरित किया।

इसी तरह चैतन्य ग्रुप की सरस्वती पवन, पायल पटेल, इंदु गुप्ता, गीतांजलि शर्मा तथा समाजसेवी राम रतन मिश्रा, अभिषेक, राम चतुर्वेदी, अवधेश पटेल सहित कई गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की।

जरूरतमंद के जीवन में नई आशा

ब्रह्मकुमारीज मऊगंज सेवा केंद्र प्रभारी बीके पूर्णिमा बहन ने स्वयं रक्तदान कर अभियान की शुरुआत की, जिसके बाद रितेश पांडेय, निखिल गुप्ता सहित ब्रह्माकुमारीज परिवार के अनेक भाई-बहनों ने रक्तदान किया।

इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद के जीवन में नई आशा भरने जैसा है। एक स्वस्थ व्यक्ति का रक्तदान किसी अनजान व्यक्ति के लिए जीवनदान बन सकता है।

इस महाअभियान ने मऊगंज में मानवता, सहयोग और भाईचारे की भावना को और मजबूत किया। अंत में सभी ने ‘रक्तदान कर जीवन बचाएं’ के संकल्प को दोहराया।