भाई की बरसी पर तालाब गई दो बहनों की डूबने से मौत, एक ही परिवार में साल भर के भीतर तीसरी मौत

मैहर जिले के कोतवाली थाना अंतर्गत पटेहरा तालाब में शनिवार को एक रूह कंपा देने वाला हादसा हो गया। भाई की बरसी के कार्यक्रम के लिए तालाब गई चार किशोरियां और युवतियां गहरे पानी में डूब गईं। इस हादसे में एक 10 वर्षीय किशोरी और 20 वर्षीय युवती की मौत हो गई, जबकि दो अन्य का अस्पताल में उपचार जारी है।

भाई की बरसी पर तालाब गई दो बहनों की डूबने से मौत, एक ही परिवार में साल भर के भीतर तीसरी मौत
google

सीएसपी महेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि मृतका आंचल चौधरी के भाई की एक साल पहले इसी तालाब में डूबने से मौत हुई थी। शनिवार को उसी भाई का बरसी कार्यक्रम था। घर में चल रहे अनुष्ठान के लिए परिवार की महिलाएं और बच्चे पटेहरा तालाब में दाल धोने गए थे। इसी दौरान नहाते समय एक बच्ची का पैर फिसल गया और उसे बचाने के चक्कर में चारों गहरे पानी में समा गईं।

हादसे में इनकी हुई मौत

तालाब की गहराई में डूबने से पूनम चौधरी (10 वर्ष, पिता मुकेश चौधरी) और आंचल चौधरी (20 वर्ष, पिता रामसजीवन चौधरी) की मौत हो गई। पूनम और आंचल आपस में चचेरी बहनें थीं। वहीं आंचल की सगी बहन शालू चौधरी (21 वर्ष) और अभिषेक चौधरी (11 वर्ष) को स्थानीय लोगों ने मशक्कत के बाद बाहर निकाल लिया, जिनका इलाज सिविल अस्पताल मैहर में चल रहा है।

4-4 लाख की सहायता का ऐलान

हादसे की खबर मिलते ही एसडीएम दिव्या पटेल, तहसीलदार जितेंद्र पटेल, सीएसपी महेंद्र सिंह चौहान और थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। रेस्क्यू टीम ने शवों को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। जिला प्रशासन ने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए आरबीसी 6-4 के तहत मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने की घोषणा की है। फिलहाल पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच में जुटी हुई है।