मैहर में चोरी की बाइक और 5 मोबाइल बरामद: 19 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजा गया

मैहर पुलिस को 48 घंटे में मिली सफलता: चोरी की बाइक समेत 5 मोबाइल बरामद, श्रद्धालुओं को लौटाए चोरी हुए मोबाइल

मैहर में चोरी की बाइक और 5 मोबाइल बरामद: 19 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजा गया

मैहर कोतवाली पुलिस ने चोरी के मामलों में तुरंत कार्रवाई करते हुए 48 घंटे के अंदर चोरी हुई मोटरसाइकिल और 5 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। मामले में पुलिस ने 19 वर्षीय आरोपी अंकित उर्फ अमित द्विवेदी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। बरामद सामान की कुल कीमत करीब 1 लाख 80 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, शिवम नगर कटिया, वार्ड क्रमांक 19 निवासी अमन सोनी (26) की काले रंग की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (MP19 ZD7318) चोरी हो गई थी। शिकायत पर कोतवाली मैहर में अपराध क्रमांक 1042/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान शारदा धाम चौकी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली। इसके आधार पर पुलिस ने अंकित उर्फ अमित द्विवेदी (19), पिता राजेश द्विवेदी, से पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की निशानदेही पर अरकंडी मैहर के पास कुंजन तलैया जंगल से चोरी गई मोटरसाइकिल बरामद की गई।

मोबाइल चोरी के मामले में भी मिली सफलता

पुलिस ने दमोह जिले के तेंदूखेड़ा निवासी निधि तिवारी (18) के चोरी हुए दो मोबाइल फोन भी बरामद किए। इस मामले में कोतवाली मैहर में अपराध क्रमांक 1043/26 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था। पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने दोनों मोबाइल फोन बरामद कर लिए।

इसके अलावा, पुलिस ने आरोपी के कब्जे से श्रद्धालुओं के तीन अन्य मोबाइल फोन भी बरामद किए। पुलिस के अनुसार, बाहर से आए इन श्रद्धालुओं ने समय की कमी के कारण चोरी की रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई थी। बरामद मोबाइल फोन उन्हें वापस सौंप दिए गए।

यह पूरी कार्रवाई कोतवाली थाना प्रभारी अभिषेक सिंह परिहार के निर्देशन में शारदा धाम चौकी प्रभारी विनय शुक्ला और उनकी टीम ने की। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।