इंदौर में पटाखा गोदाम में भीषण आग, जिम और ऑटो गैरेज जलकर खाक
इंदौर के नायता मुंडला के समीप एक पटाखा दुकान (गोडाउन) में मंगलवार शाम को अचानक आग भड़की उठी. आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
इंदौर। शहर के तेजाजी नगर थाना क्षेत्र स्थित देवगुराडिया और नायता मुंडला इलाके में मंगलवार को एक पटाखा गोदाम में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि पास में स्थित ऑटो गैरेज और ऊपर संचालित जिम भी इसकी चपेट में आ गए। घटना में गैरेज में खड़े वाहन, जिम का सामान और गोदाम में रखा आतिशबाजी का स्टॉक पूरी तरह जलकर खाक हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगने के बाद गोदाम में रखे पटाखों और आतिशबाजी सामग्री में लगातार धमाके होते रहे, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी।
देवास के पटाखा फैक्ट्री ब्लास्ट के बाद इंदौर की पटाखा दुकान में आग#IndoreFire#BreakingNews#MPNews#Firecracker pic.twitter.com/XITME0Gfg8
— Public Vani News (@publicvaninews) May 19, 2026
मौके पर पहुंचीं दमकल विभाग की टीम
घटना की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग की कई टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। आग पर काबू पाने के लिए 8 से 10 पानी के टैंकरों का उपयोग किया गया। दमकल कर्मियों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित किया।
बताया जा रहा है कि गोदाम में इवेंट्स और शादियों में इस्तेमाल होने वाली आतिशबाजी सामग्री और पारियां बड़ी मात्रा में रखी गई थीं। आग की चपेट में आने से पास के गैरेज में खड़ी एक ऑटो, एक कार और कई दोपहिया वाहन पूरी तरह जल गए।
घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं
राहत की बात यह रही कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। समय रहते आसपास मौजूद लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट या लापरवाही को आग लगने का संभावित कारण माना जा रहा है। हालांकि वास्तविक कारण जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। प्रशासन और पुलिस स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
shivendra 
