सोनल दिनुषा ने भारत से छीनी जीत, 5वें दिन श्रीलंका का चमत्कार; दूसरा टेस्ट ड्रॉ
भारत और श्रीलंका के बीच कोलंबो टेस्ट बारिश के कारण ड्रॉ हो गया। भारत ने दो मैचों की टेस्ट सीरीज 1-0 से अपने नाम की।
भारत और श्रीलंका के बीच कोलंबो में खेला गया दूसरा टेस्ट रोमांचक अंदाज में ड्रॉ पर समाप्त हुआ. मैच के चौथे दिन तक भारत की जीत लगभग तय मानी जा रही थी, लेकिन पांचवें दिन श्रीलंकाई बल्लेबाजों ने ऐसा संघर्ष किया कि टीम इंडिया जीत से महरूम रह गई. सोनल दिनुषा की नाबाद 133 रन की पारी श्रीलंका के लिए सबसे बड़ा सहारा बनी. श्रीलंका ने फॉलोऑन खेलने के बाद अपनी दूसरी पारी में 154 ओवर में 9 विकेट पर 429 रन बनाकर पारी घोषित कर दी. इसके साथ ही श्रीलंका ने भारत के सामने 216 रन की बढ़त हासिल कर ली और दोनों टीमों ने मैच समाप्त करने पर सहमति जताई.
दिनुषा ने दोनों पारियों में जड़ा शतक
श्रीलंका की इस शानदार वापसी के सबसे बड़े नायक सोनल दिनुषा रहे. उन्होंने पहली पारी में 103 रन बनाने के बाद दूसरी पारी में भी मोर्चा संभाला और 264 गेंदों पर नाबाद 133 रन बनाए. उनकी पारी में 8 चौके और 2 छक्के शामिल रहे. दिनुषा ने इस टेस्ट में दोनों पारियों में शतक लगाने का कारनामा किया। उनकी नाबाद पारी ने भारत के गेंदबाजों को पांचवें दिन काफी परेशान किया. यह इस सीरीज में उनका तीसरा शतक था.
भारत ने 503 रन बनाकर घोषित की पारी
मैच में भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था. टीम इंडिया ने 9 विकेट पर 503 रन बनाकर अपनी पारी घोषित की. भारत की ओर से देवदत्त पडिक्कल ने 117 रन और ध्रुव जुरेल ने नाबाद 115 रन की शानदार पारियां खेलीं. ऋषभ पंत ने 63 जबकि कप्तान शुभमन गिल ने 50 रन बनाए. इसके जवाब में श्रीलंका की पहली पारी 290 रन पर सिमट गई. इस तरह श्रीलंका भारत से 213 रन पीछे था और फॉलोऑन बचाने में नाकाम रहा। कप्तान शुभमन गिल ने श्रीलंका को दोबारा बल्लेबाजी के लिए बुलाया.
चौथे दिन भारत की जीत दिख रही थी पक्की
श्रीलंका ने दूसरी पारी में संघर्ष जरूर किया, लेकिन चौथे दिन का खेल खत्म होने तक टीम 6 विकेट पर 229 रन बना सकी थी. उसके पास महज 16 रन की बढ़त थी. ऐसे में माना जा रहा था कि पांचवें दिन भारत जल्द ही श्रीलंका को ऑलआउट कर मैच जीत लेगा. लेकिन पांचवें दिन कहानी पूरी तरह बदल गई. दिनुषा और श्रीलंका के निचले क्रम के बल्लेबाजों ने भारतीय गेंदबाजों को विकेट के लिए तरसा दिया. दिनुषा ने केशरा नुवानथा के साथ 112 रन की अहम साझेदारी की. नुवानथा ने 46 रन बनाए. इसके बाद भी श्रीलंका के निचले क्रम ने क्रीज पर समय बिताकर भारत की जीत की उम्मीदें खत्म कर दीं.
भारत ने सीरीज 1-0 से जीती
दूसरा टेस्ट ड्रॉ होने के बावजूद भारत ने दो मैचों की टेस्ट सीरीज 1-0 से अपने नाम कर ली. भारत ने पहले टेस्ट में श्रीलंका को 165 रन से हराया था. हालांकि कोलंबो टेस्ट में फॉलोऑन देने के बावजूद जीत हासिल न कर पाना टीम इंडिया के लिए निराशाजनक जरूर रहा. वहीं, श्रीलंका के लिए यह ड्रॉ किसी जीत से कम नहीं रहा. फॉलोऑन के बाद भारत के खिलाफ टेस्ट बचाने का यह श्रीलंका का ऐतिहासिक प्रदर्शन रहा.

