होली के रंग में रंगा मऊगंज और रीवा,फाग गीतों के साथ मनाया गया रंगोत्सव

मऊगंज और रीवा में जमकर उड़े रंग गुलाल, ढोलक की थाप और नगरिया की गड़गड़ाहट से फगुहारो ने बांधी समा.

होली के रंग में रंगा मऊगंज और रीवा,फाग गीतों के साथ मनाया गया रंगोत्सव
google

मऊगंज एवं रीवा जिला मुख्यालयों सहित अंचल में रंग-गुलाल से एक-दूसरे को सराबोर करने की होड़ और होली के गीतों की मस्ती के साथ धूमधाम से परंपरापूर्वक मनाया गया।होली के रंग में मऊगंज एवं रीवा रंगा रहा, लोगों ने रंग-गुलाल के साथ होली का जश्न मनाया।

बच्चे, बूढ़े और जवान सभी ढोल-नगाड़ों की थाप पर जमकर थिरके। होली के महापर्व पर स्थिति कुछ इस कदर रही कि शहर से लेकर गांव तक लोगों ने एक-दूसरे पर रंगों की बौछार की और एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर शुभकामनाएं दीं।

रंगों के त्योहार होली पर सारे गिले-शिकवे छोड़कर लोग एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर भाईचारे के साथ गले मिले। ग्रामीण क्षेत्रों में फाग मंडलियों द्वारा फाग प्रतियोगिता का आयोजन कर बढ़-चढ़कर फाग गायन एवं वादन में अपने-अपने हाथ आजमाए।

रीवा जिला मुख्यालय सहित गोविंदगढ़, बैकुंठपुर, सिरमौर, जवा, डभौरा, त्योंथर, मनगवां, तो वहीं मऊगंज जिले के नईगढ़ी, हनुमना, बिछरहटा, बहेरा, डावर, मऊगंज शहर एवं देवतालाब, पहाड़ी सहित अंचल में फाग के लिए प्रसिद्ध क्षेत्रों में फगुहारों ने एक से एक रसिक, मनमोहक फाग गायन का प्रदर्शन किया।

मऊगंज एवं रीवा के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में छुटपुट मारपीट सहित अन्य घटनाओं को छोड़कर पूरे इलाके में होली का त्योहार शांतिपूर्वक भाईचारे के साथ मनाया गया।